- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- रोजगार बचाने अब खुद भोजन तैयार कर...
रोजगार बचाने अब खुद भोजन तैयार कर रहे हैं डिब्बेवाले

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोनाकाल में आर्थिक संकट से जूझ रहे मुंबई के डिब्बे वालों ने रोजगार के लिए नई तरकीब निकाली है। डिब्बे वाले अब खुद भोजन बनाकर सरकारी और निजी कार्यालयों में टिफिन पहुंचा रहे हैं। मुंबई डिब्बे वाला एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तलेकर ने ’दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि मुंबई में लोकल ट्रेन बंद होने के कारण अब हम लोग खुद ही भोजन तैयार कर कार्यालयों में दे रहे हैं। फिलहाल यह सेवा केवल दक्षिण मुंबई में शुरू की गई है। डिब्बे वाले मोटसाइकिल से कार्यालयों में टिफिन पहुंचा रहे हैं। तलेकर ने कहा कि कोरोना की स्थिति में काम करने वाले सभी लोग अपने घर से टिफिन नहीं ला आ पाते हैं। यदि कोई व्यक्ति वसई-विरार से दक्षिण मुंबई में अपने कार्यालय आता है तो उसे दोपहर में भोजन की जरूरत पड़ती है। लॉकडाउन के कारण होटल भी बंद हैं। ऐसे में वे टिफिन की मांग करते हैं। ट्रेन बंद होने के कारण हम लोग कर्मचारियों के घर से टिफिन ले आकर उनके कार्यालय तक नहीं पहुंचा सकते हैं। इसलिए डिब्बे वाले खुद ही भोजन बनाकर कार्यालयों में देने की सुविधा शुरू की है। तलेकर ने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे मुंबई में यह सेवा शुरू करने का विचार है।
वहीं टिफिन सेवा देने वाले अजय वालुंज ने बताया कि फिलहाल 20 लोग अपने कार्यालय में खाना मंगा रहे हैं। प्रति टिफिन 90 रुपए लिया जाता है। टिफिन सेवा के लिए पांच से सात डिब्बे वाले और घर की महिलाएं लगी हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कई लोग इस सेवा का लाभ लेंगे। उल्लेखनीय है कि मुंबई में लगभग 5 हजार डिब्बे वाले 2 लाख लोगों के दफ्तरों में टिफिन पहुंचाते थे। लेकिन कोरोना संकट में लॉकडाउन के बाद से डिब्बे वालों की सेवा ठप्प पड़ गई है।
Created On :   29 July 2020 5:55 PM IST