विधानसभा उपाध्यक्ष के लिए चुनाव आज, तीन विधायकों ने भरा नामांकन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। गुरुवार तक इस पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन किए। इस पद के लिए शिवसेना की तरफ से विजय अवटी, कांग्रेस से हर्षवर्धन सकपाल और निर्दलीय विधायक बच्चू कडू ने नामांकन दाखिल किया है। छानबीन के बाद इन तीनों के नामांकन सही पाए गए हैं। विधानसभा के संख्या बल को देखते हुए शिवसेना-भाजपा प्रत्याशी विजय अवटी की जीत तय मानी जा रही है।
विधानसभा का चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद उपाध्यक्ष का चुनाव होने जा रहा है। गुरुवार दोपहर 11.45 बजे तक नामांकन भरे जाने थे। उम्मीदवारी वापस लेने की लिखित सूचना शुक्रवार 30 नवंबर की सुबह 10.30 बजे तक खुद उम्मीदवार या उसके अनुमोदक को देना होगी। यदि इन तीनों में से दो ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया तो मतदान कराए जाएंगे।
ऐसे में 30 नवंबर को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच विधानसभा सभागृह में मतदान होगा। हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस निर्विरोध चुनाव के लिए प्रयास कर रहे हैं। विधानसभा में भाजपा के 123 और शिवसेना के 63 विधायक हैं। चुनाव के लिए शिवसेना और भाजपा के सभी विधायकों को उपस्थित रहने के लिए व्हिप जारी किया गया है।
Created On :   29 Nov 2018 9:51 PM IST