- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- डम्पिंग यार्ड में कचरा चुन रही...
डम्पिंग यार्ड में कचरा चुन रही महिला को ट्रक ने कुचला

डिजिटल डेस्क, नागपुर. कचरा डम्पिंग यार्ड में शनिवार को दिनदहाड़े कचरा चुनने वाली महिला को कचरा गाड़ी के चालक ने कुचल दिया। उसकी मौत हो गई। वाठोड़ा थाने में आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। भांडेवाड़ी स्थित उड़िया मोहल्ला निवासी शंकर वाघ (55) और उसकी पत्नी तारा कचरा चुनने का काम करते हैं, हालांकि डम्पिंग यार्ड प्रतिबंधित क्षेत्र है। बाहरी लोगों के यार्ड प्रवेश पर रोक है। बावजूद वहां कचरा चुनने वाले जाते हैं। हमेशा की तरह तारा भी लोगों के साथ यार्ड में कचरा चुनने गई थी।
पिछले पहिए की चपेट में आई
यार्ड में इस दौरान मनपा का कचरे से भरा ट्रक (एम.एच.-49-ए.टी.-6076) पहुंचा, तो कचरा चुनने वालों ने ट्रक को घेर लिया। ट्रक खाली करने के बाद चालक धम्मपाल सुखदेवे (28), सूरज नगर निवासी ने लापरवाही से ट्रक को पीछे लिया। इस दौरान कचरा चुन रही तारा के तरफ उसका ध्यान नहीं गया और वह ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई। प्रकरण दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार िकया गया है।
Created On :   27 March 2022 7:09 PM IST