2 घंटे में हुए 2 भीषण सड़क हादसे, 2 की मौत

Two accidents happened within two hours in city, Two dead during this
2 घंटे में हुए 2 भीषण सड़क हादसे, 2 की मौत
2 घंटे में हुए 2 भीषण सड़क हादसे, 2 की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। नाबालिग ट्रैक्टर चालक ने जहां मजदूर युवती को कुचल दिया, वहीं ट्रक ने शिक्षिका और उसकी पुत्री को उड़ा दिया। घटनाओं में युवती और शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि शिक्षिका की पुत्री घायल है। भीषण हादसे शनिवार को दो घंटे के भीतर कलमना थाना क्षेत्र में विविध स्थानों पर हुए। नाबालिग ट्रैक्टर चालक और ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

1-    श्याम नगर निवासी ठगियाबाई तुलाराम पटेल (17) घरों में साफ-सफाई का काम करती थी। शनिवार को दिन में करीब सवा दस बजे के दौरान वह साइकिल से अपने काम पर जा रही थी। इस दौरान एच.बी.टाउन के समीप काजल बियर बार के पास ट्रैक्टर (क्र. एमएच 31 सीवी 6558) के नाबालिग चालक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे का शिकार ठगियाबाई ने जगह पर ही दम तोड़ दिया। निजी अस्पताल और सरकारी अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसके मृत्यु की पुष्टि की। गुस्साई भीड़ ने नाबालिग की चालक की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया है। ट्रैक्टर नाबालिग के पिता का है, जिसे वह खुद ही चलाता है। कभी-कभी नाबालिग के भी चलाने की जानकारी मिली है।  

2-    दूसरा हादसा लगभग साढ़े 12 बजे कलमना थाना क्षेत्र में ही पारडी स्थित पुल के सामने हुआ। चैतेश्वर नगर निवासी चेतना कोलते (49) जिला परिषद स्कूल में शिक्षिका थीं। शनिवार सुबह वह स्कूल गईं। साथ में िकसी काम के चलते पुत्री दिव्या (20) भी गई थी। दोपहर में स्कूल छूटने के बाद दोनों मां-बेटी दोपहिया वाहन से घर जा रही थीं कि रास्ते में ट्रक (क्र.एमएच 19 झेड़ 3786) ने उन्हें टक्कर मार दी। चेतना ने जगह पर ही दम तोड़ दिया। मेयो अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत्यु की पुष्टि की। दिव्या गंभीर रूप से घायल हुई है। अपनी मां को आखों के सामने दम तोड़ता देख वह सदमे में है। करीब एक डेढ़ वर्ष पहले दिव्या के पिता धनराज कोलते की भी सड़क हादसे में ही मौत हुई थी। भाई तेजन 25 वर्ष का है। इस बीच लोगों का गुस्सा भांप चालक ट्रक छोड़कर थाने भाग गया और पुलिस के सामने उसने समर्पण कर दिया। गुस्साई भीड़ ने ट्रक के कांच फोड़ दिए। तनाव बना रहा। प्रकरण दर्ज किया गया है। उपनिरीक्षक मगर जांच कर रहे हैं।  पारडी क्षेत्र में सड़क हादसे में 2 की मृत्यु के मामले में शिवसेना के पूर्व नागपुर संगठक गुड्डू राहंगडाले ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। राहंगडाले ने कहा है कि बार शिकायत व जानकारी देने के बाद भी प्रशासन ने सुरक्षा के लिए उपाय योजना नहीं की है। पारडी उड़ानपुल का निर्माण कार्य धीमी गति से होने के कारण परिसर में यातायात की अव्यवस्था है। आए दिन हादसे होते रहते हैं। एनएचएआई के अधिकारियों का भी इस ओर ध्यान नहीं है। यही स्थिति रही तो शिवसेना प्रशासन के विरोध में आंदोलन करेगी।

घायल ने भी दम तोड़ दिया 

खामला स्थित त्रिशरण नगर निवासी मोहन कनौजिया (68) 7 तारीख की शाम करीब पौने आठ बजे सड़क हादसे का शिकार हुए थे।  वह साइकिल से जा रहे थे कि किसी दोपहिया वाहन चालक ने टक्कर मार दी थी। सिर पर गंभीर चोट लगने से मोहन को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार की शाम उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
 

Created On :   11 Aug 2019 10:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story