विवाहित महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में दो आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक 49 वर्षीय विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मुंबई की विलेपार्ले पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक फरार आरोपी का तलाश कर रही है। पीड़िता के मुताबिक एक आरोपी के साथ उसकी पुरानी जान पहचान है। पीड़िता को वह अपने साथ ताश खेलने के नाम पर गुजरात के अहमदाबाद ले गया जहां उसने शराब के नशे में अपने दो और दोस्तों के साथ दुष्कर्म किया। वापस लौटने के बाद महिला ने वारदात की जानकारी अपने पति को दी फिर मामले की शिकायत पुलिस से की गई। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम लालसाहब यादव और शशांक सावंत है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि यादव से उसकी पारिवारिक जान पहचान है और वह अक्सर उनके घर ताश खेलने आया करता था। शुक्रवार को यादव ने महिला को जुआ खेलने के लिए साथ बुलाया और अपने साथ कार से अहमदाबाद ले गया। यहां दो अन्य आरोपियों के साथ यादव ने शराब पी और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक कर उसे बदनाम करने की भी धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
Created On :   10 Jan 2023 10:06 PM IST