गाज गिरने से दो लोगों की मौत, मोहाड़ी तहसील के जांब व काटेबाम्हणी की घटना

डिजिटल डेस्क, भंडारा/गोंदिया. भंडारा व गोंदिया जिले में शनिवार को जोरदार बारिश हुई। जिसमें कई स्थानों पर जलजमाव के साथ जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। भंडारा जिले में शुक्रवार शाम व शनिवार की दोपहर के समय हुई बारिश ने कहर ढाया। शुक्रवार की शाम 4.30 बजे मोहाड़ी तहसील के जांब ग्राम में खेत में काम कर रहे किसान व शनिवार की दोपहर 2 बजे तुमसर-रामटेक महामार्ग पर काटेबाम्हणी ग्राम के पेट्रोल पंप पर महिला पर गाज गिरने से मौत हो गई। इससे पूर्व गुरुवार 30 जून को पवनी तहसील में गाज गिरने से खेत में काम करने वाले गायडोंगरी निवासी शिवसज्जन देवराम बोरकर (51) की मौत हुई थी। इस सप्ताह जिले के तीन लोगों की गाज गिरने से मृत्यु हुई है। मृतकों में मोहाड़ी तहसील के जांब ग्राम निवासी किसान दिनेश प्रभु सोनकर (39) तथा काटेबाम्हणी निवासी दुर्गा चवतमल राऊत (42) का समावेश है। जांब ग्राम निवासी दिनेश सोनकर यह गांव के जगदीश उके के खेत में काम कर रहा था। इस दौरान अचानक मौसम बदला और मेघगर्जना शुरू हो गई। खेत में गाज गिरने से दिनेश प्रभु सोनकर की मौत हो गई। इसे लेकर आंधलगांव पुलिस थाने में अाकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया। इसी तरह शनिवार दोपहर को काटेबाम्हणी में पेट्रोलपंप के पास खड़ी महिला दुर्गा चवतमल राऊत गाज की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्गा खेत से काम कर घर लौट रही थी। स्थानीय प्रशासन ने इसका संज्ञान लेकर पंचमाना पूर्ण किया है।
गोंदिया जिले में धुंआधार बारिश
गोंदिया जिले में बारिश न होने के कारण गर्मी एवं उमस से परेशान नागरिकों को 2 जुलाई को उस समय बड़ी राहत मिली जब दोपहर के समय गोंदिया शहर एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों के साथ तिरोड़ा, आमगांव, सड़क अर्जुनी, गोरेगांव में आधे से एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। सालेकसा, देवरी, अर्जुनी मोरगांव तहसीलों में तहसील संवाददाताओं ने बताया कि, वहां भी आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और किसी भी समय बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक वहां बारिश शुरू होने की जानकारी नहीं मिली। गोंदिया शहर में बारिश का पानी नेहरू चौक व बाजार परिसर में जमा हो जाने के कारण कुछ समय के लिए नागरिकों को यातायात में समस्या का सामना करना पड़ा। उसी तरह न्यायालय के सामने स्थित सड़क पर भी गड्ढों में जगह-जगह बरसाती पानी जमा हो जाने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। गोंदिया से सटे कामठा, रावणवाड़ी परिसर में भी दोपहर लगभग 2.30 बजे के दौरान जमकर बारिश हुई। जिससे गांव के अनेक िहस्सों में जलभराव जैसी स्थिति नजर आई। तिरोड़ा संवाददाता ने बताया कि, दोपहर 2 बजे के दौरान तिरोड़ा तहसील में कहीं झमाझम बारिश हुई तो कहीं रुक-रुककर हल्की बारिश हुई है। कई दिनों के इंतजार के बाद गत बुधवार से शहर में प्रतिदिन कम अधिक बारिश हो रही है। आमगांव संवाददाता ने बताया कि, शहर में 4 बजे के दौरान लगभग आधे से पौन घंटे तक जमकर बारिश हुई। गोरेगांव संवाददाता ने बताया कि, दोपहर 3 बजे के दौरान शहर में शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी हुई एवं बाद में हल्की से मध्यम बारिश लगभग एक घंटे तक होती रही। हालांकि किसी भी स्थान से अतिवृष्टि जैसी जानकारी नहीं मिली है। जून के अंतिम सप्ताह मंे कुछ दिनों तक बारिश होने के बाद अचानक बारिश बंद हो गई थी। जिससे किसानों के साथ नागरिक भी परेशान हो गए थे, लेकिन अब बारिश ने जोर पकड़ा है। जिले में धान की बुआई का काम अब अंतिम चरण में है। इसके बाद यदि लगातार मध्यम से तेज बारिश होती है तो शुरुआती दौर में जिन किसानों ने धान की नर्सरियां लगाई थी वे अब अपने-अपने खेतों में धान की रोपाई का काम भी शुरू कर देंगे। आज हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
भंडारा जिले में जमकर बरसे मेघ
जिले में शनिवार दोपहर 2 बजे से जमकर बारिश हुई। सभी सातों तहसीलों में तेज बारिश हुई। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। शनिवार की बारिश से मानसून के आगमन का एहसास हुआ। साथ ही मौसम में ठंडक बनी रही। जिले में शुक्रवार शाम से मौसम बदला हुआ है। बार-बार आसमान में मेघ जमकर हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। शनिवार सुबह भी बूंदाबांदी हुई। दोपहर के समय घने काले बादलों के जमावड़े के साथ जिले की सभी तहसीलों में बारिश शुरू हुई है, भंडारा, लाखनी, साकोली, पवनी, मोहाड़ी, तुमसर, लाखांदुर तहसील में घंटों तक बारिश होती रही। बारिश से कृषि कार्यों में तेजी आएगी।
Created On :   3 July 2022 3:19 PM IST