अहमदनगर हत्याकांड में मारे गए दो शिवसैनिकों के परिजन से मुलाकात करेंगे उद्धव ठाकरे 

Uddhav Thakre will meet with relatives of Shiv Sainiks killed in Ahmednagar
अहमदनगर हत्याकांड में मारे गए दो शिवसैनिकों के परिजन से मुलाकात करेंगे उद्धव ठाकरे 
अहमदनगर हत्याकांड में मारे गए दो शिवसैनिकों के परिजन से मुलाकात करेंगे उद्धव ठाकरे 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे अहमदनगर हत्याकांड में मारे गए शिवसेना के उपशहर प्रमुख संजय कोतकर और कार्यकर्ता वसंत ठुबे के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके लिए उद्धव 25 अप्रैल को अहमदनगर के दौरे पर जाएंगे। वहां पर उद्धव पार्टी के दोनों कार्यकर्ताओं के परिजनों को सांत्वना देंगे। रविवार को अहमदनगर के शिवसेना के पूर्व विधायक अनिल राठोड ने जिले के पार्टी नेताओं के साथ मातोश्री में उद्धव से मुलाकात की। राठोड ने उद्धव को हत्याकांड के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उद्धव से हत्याकांड के बाद हुए आंदोलन में शामिल शिवसैनिकों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे को लेकर भी शिकायत की। 

शिवसैनिकों की गिरफ्तारी को लेकर आक्रामक हुए पक्ष प्रमुख 
राठोड ने बताया कि दोनों शिवसैनिकों की हत्या की घटना के सोमवार को 10 दिन पूरे हो जाएंगे। जिला पुलिस अधीक्षक ने सोमवार के बाद जिन शिवसैनिकों के खिलाफ मामला दर्ज है उनको गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। इस पर उद्धव ने शिवसेना के नेता व प्रदेश के पर्यावरण मंत्री रामदास कदम और एमएसआरडीसी मंत्री एकनाथ शिंदे को सोमवार को अहमदनगर जाने के लिए आदेश दिया। शिवसेना के इन दोनों मंत्रियों के साथ मुंबई मनपा में शिवसेना की नगरसेविका किशोरी पेडणेकर और विशाखा राऊत भी अहमदनगर में जाएंगी। 

मुंबई में मुख्यमंत्री के बंगले के सामने करो आंदोलन 
उद्धव से मुलाकात के बाद अहमदनगर के शिवसेना नेता राठोड ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि पुलिस ने 600 शिवसैनिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी की गिरफ्तारी होने वाली है। हमने उद्धव को इसकी जानकारी दी है। इस पर उद्धव ने कहा कि यदि शिवसैनिकों की गिरफ्तारी होती है तो सभी लोग अहमदनगर से मुंबई में आकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास वर्षा के बाहर आंदोलन करेंगे। जिले के सभी नेता वर्षा बंगले के सामने अपनी गिरफ्तारी दें। इससे पहले अहमदनगर मनपा की रिक्त एक सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों के बाद दो शिवसैनिकों की हत्या हुई थी। इस घटना के बाद ही शिवसैनिकों में भारी गुस्सा है। पुलिस  ने हत्या मामले के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो और भाजपा के एक विधायक भी शामिल हैं। 

Created On :   15 April 2018 1:07 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story