निर्माणाधीन मकान का स्लैब ढहा, दो मजदूरों की मौत

मौके पर पहुँची पुलिस, जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला निर्माणाधीन मकान का स्लैब ढहा, दो मजदूरों की मौत

डिजिटल डेस्क कटनी।  कुठला थाना क्षेत्र के पुरैनी के समीप नयागांव में निर्माणाधीन मकान का स्लैब ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया।  घायलों घटना मंगलवार शाम चार बजे की बताई गई है। इस घटना से हडक़म्प मच गया। सूचना मिलते ही कुठला थाना से पुलिस बल पहुंचा एवं जेसीबी एवं क्रेन की मदद से मलबा में दबे मजदूरों को निकाला। इनमें से एक मजदूर की स्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि एक अन्य मजदूर ने  जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक मजदूर की पहचान राम आदिवासी (47) निवासी शाहनगर के रुप में हुई जबकि दूसरे मृतक की पहचान घटना के चार घंंटे बाद  भी नहीं हो पाई थी। मामूली घायल अजय आदिवासी (40) की प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से छुट्टी कर दी। निर्माणाधीन मकान खरगौन रेंज के डीआईजी तिलकसिंह का बताया जा रहा है लेकिन पुलिस अधिकारी देर शाम तक मकान मालिक का नाम बताने से कतराते रहे।  पुलिस अधीक्षक सुनील जैन ने दो मजदूरों की मौत और तीन के घायल होने की पुष्टि की है। मकान मालिक के नाम के सवाल पर पुलिस अधीक्षक श्री जैन का कहना था कि यह जांच का विषय है और रिकार्ड देखकर ही बताया जा सकता है। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे  छज्जा (पोर्च) की ढलाई का कार्य चल रहा था, लेकिन छज्जा के वजन से पिलर झुक गए, जिससे छज्जा  भी भरभरा कर मजदूरों के ऊपर गिर गया और  वहां काम कर रहे मजदूर मलबा में दब गए। छज्जा गिरते ही हडक़म्प मच गया। वहां मौजूद अन्य मजदूरों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दौड़े लेकिन उनके पास बचाव का कोई साधन नहीं था। तत्काल पुलिस को खबर दी गई एवं मलबा हटाने जेसीबी एवं दो क्रेन बुलाई गईं। तब तक काफी देर हो चुकी थी। जब तक मलबा में दबे मजदूरों को निकाला जाता तब तक एक मजदूर का दम घुट चुका था और दूसरे की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई।

Created On :   25 Jan 2022 9:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story