केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुणे रवाना, दीक्षाभूमि और हेडगेवार स्मारक के किए दर्शन

Union Home Minister Amit Shah left for Pune, visited Deekshabhoomi and Hedgewar Memorial
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुणे रवाना, दीक्षाभूमि और हेडगेवार स्मारक के किए दर्शन
नागपुर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुणे रवाना, दीक्षाभूमि और हेडगेवार स्मारक के किए दर्शन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को पुणे के लिए रवाना हो गए। सुबह उन्होंने दीक्षाभूमि व हेडगेवार स्मारक के दर्शन लिए। बाद में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भरोसा जताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व का नेतृत्व करेगा। इसके लिए देश के सभी नागरिकों से सहयोग का आवाहन किया है। गृहमंत्री शाह शुक्रवार की शाम को शहर में आए थे। उनकी पत्नी सोनल शाह भी साथ में थी। शहर आगमन के बाद उन्हाेंने फुटाला तालाब में वाटर शो का अवलोकन किया। वर्धा मार्ग स्थित होटल में उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शनिवार को सुबह 10 बजे वे दीक्षाभूमि पहुंचे। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी साथ थे। डॉ.बाबासाहब आंबेडकर के अस्थिकलश के दर्शन के बाद उन्होंने बुद्ध वंदना की। दीक्षाभूमि स्मारक समिति के सचिव सुधीर फुलझेले, सदस्य राजेंद्र गवई,डीजे दाभाडे, विलास गजघाटे, भंते दीपंकर ने स्वागत किया। शाह व फडणवीस को सम्मानचिन्ह, शाल व बुद्ध एंड हिज धम्म पुस्तक दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके, पूर्व मंत्री राजकुमार बडोले भी उपस्थित थे। बाद में वे रेशमबाग स्थित स्मृति मंदिर पहुंचे। उन्होंने संघ के सरसंघचालक रहे डॉ.हेडगेवार व गोलवलकर गुरुजी की समाधि के दर्शन लिए। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले उपस्थित थे। संघ के महानगर संघचालक राजेश लोया व अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

विश्व का नेतृत्व करेगा भारत

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। 2047 तक भारत विकसित देश बनकर विश्व का नेतृत्व करने लगेगा। उन्होंने देश के विकास के लिए नागरिकों से सहयोग का आवाहन किया। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कई ठोस निर्णय लिए हैं। देश में आंतरिक सुरक्षा के मामले में पहले 3 हाट स्पाट थे। जम्मू कश्मीर, नार्थ-ईस्ट में हिंसा व नक्सल प्रभाव। नक्सल प्रभाव से महाराष्ट्र व विदर्भ भी प्रभावित था। लेकिन अब ऐसे मामलों में हिंसा की घटनाओं में 80 प्रतिशत कमी आयी है। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया जाना ऐतिहासिक निर्णय था। उस निर्णय के बाद वहां हिंसा नहीं हुई। पर्यटन व्यवसाय में निवेश बढ़ा है।

फुटाला तालाब पर फाउंटेन का किया अवलोकन

इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को शहर में पहुंचे। विमानतल परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन कर वे फुटाला तालाब परिसर में फाउंटेन व वाटर शो देखने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक तौर से संवाद नहीं साधा। शाह के शहर आगमन के समय को लेकर आरंभ में कहा गया कि वे तय समय से एक घंटे पहले नागपुर पहुंच रहे हैं। लेकिन करीब 1 घंटे बाद वे पहुंचे। विमानतल परिसर में उनके स्वागत के लिए मंच तैयार किया गया था। कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे शाह मंच पर आए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले थे। शहर भाजपा की ओर से उन्हें स्वागत माला पहनाई गई। करीब 1 मिनट में ही वे मंच से उतरकर फुटाला के लिए रवाना हो गए। फुटाला तालाब परिसर में उनके साथ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, शहर अध्यक्ष प्रवीण दटके, पूर्व सांसद अजय संचेती थे। 


 

Created On :   18 Feb 2023 7:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story