मुंबई से शिर्डी और सोलापुर स्टेशनों के बीच यात्रियों में लोकप्रिय हो रहीं वंदे भारत ट्रेनें

Vande Bharat trains becoming popular in passengers
मुंबई से शिर्डी और सोलापुर स्टेशनों के बीच यात्रियों में लोकप्रिय हो रहीं वंदे भारत ट्रेनें
रेलवे का दावा मुंबई से शिर्डी और सोलापुर स्टेशनों के बीच यात्रियों में लोकप्रिय हो रहीं वंदे भारत ट्रेनें

डिजिटल डेस्क, मुंबई. रेलवे द्वारा शुरू की गई ट्रेनें यात्रियों को काफी पसंद आ रही है। रेलवे अधिकारियों ने यह दावा किया है। हाल ही में मुंबई से शिर्डी और सोलापुर स्टेशनों के बीच शुरू की गई वंदे भारत ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। मुंबई में रहने वाले साईं बाबा के भक्त एक दिन में ही दर्शन कर वापस लौट सकते हैं इसलिए भी यह ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक है। मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी एके सिंह ने रविवार को कल्याण में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रेन की मांग किस तरह से बढ़ रही है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 18 फरवरी को मुंबई से शिर्डी के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की एसी चेयर कार पूरी भरी हुई थी और कई टिकट वेटिंग रह गए। मुंबई से शिर्डी के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में अभी करीब 70 फीसदी बुकिंग हो रही है। उम्मीद है कि छुट्टियों में इसकी मांग में काफी इजाफा होगा। फिलहाल शिर्डी जाने वाली वंदे भारत ट्रेन कल्याण स्टेशन पर नहीं रुकती। बड़ी संख्या में लोग मांग कर रहे हैं कि ट्रेन को कल्याण स्टेशन पर रोका जाना चाहिए जिससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग भी इस ट्रेन से सफर कर सके। लेकिन सिंह ने कहा कि यह नीतिगत मामला है और रेलवे बोर्ड को इस पर फैसला करना है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुंबई से सोलापुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में भी बड़ी संख्या में यात्री सफर कर रहे हैं। इससे पंढ़रपुर के विट्ठल- रुकमाई के दर्शन, सोलापूर के सिद्धेस्वर मंदिर के दर्शन , अक्कलकोट के स्वामी समर्थ के दर्शन और तुलजापुर के आई तुलजाभवानी माता के दर्शन के लिए यात्रा और भी आसान हो गई है।  

मुंबई गांधीनगर के बीच 130 फीसदी बुकिंग

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल और गांधीनगर स्टेशनों के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की यात्रियों के बीच अच्छी लोकप्रियता है। इस ट्रेन में औसत 130 फीसदी बुकिंग हो रही है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर के मुताबिक 20 सितंबर 2022 को शुरू हुई यह ट्रेन तुरंत हिट हो गई और इसकी बुकिंग औसत 130 फीसदी है। उन्होंने बताया कि मवेशियों के पटरी पर आने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पश्चिम रेलवे ने मुंबई-अहमदाबाद मार्ग पर मेटल बीम फेंसिंग के निर्माण का कार्य शुरू किया है। मेटल बैरियर फेंसिंग मुंबई से अहमदाबाद के बीच लगभग 622 किलोमीटर की लंबाई को कवर करेगी और इसे लगभग 245.26 करोड़ रुपये की लागत से लगाया जाएगा। इस हेतु सभी 8 निविदाएं दे दी गई हैं और काम जोरों पर चल रहा है। मई, 2023 के अंत तक इस कार्य के पूर्ण होने की उम्मीद है।


 

Created On :   19 Feb 2023 8:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story