- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अगले कुछ घंटों में पड़ सकती हैं...
अगले कुछ घंटों में पड़ सकती हैं बौछारें, विदर्भ में बारिश से जनजीवन प्रभावित- यवतमाल में बिजली गिरने से पांच झुलसे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण विदर्भ के कई जिलों में बैमौसम बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 8.4 डिग्री गिरा है। मार्च के अंतिम सप्ताह में भी गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को भी जिले में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल पूर्वी हवा चल रही है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया है। नागपुर समेत विदर्भ में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी। गुरुवार से मौसम साफ होने की संभावना है।
तारीख अधिकतम न्यूनतम
23 मार्च 24.9 20.2
22 मार्च 33.3 21.0
21 मार्च 36.3 19.0
20 मार्च 34.7 18.1
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
विदर्भ में बारिश से जनजीवन प्रभावित
सोमवार रात कुछ जिलों में हुई मूसलाधार वर्षा ने जहां किसानों और इंटभट्टी व्यवसायियों को संकट में डाल दिया वहीं मंगलवार को भी कुछ जिलों में दिनभर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। इस बीच बेमौसम बारिश से अनेक जगह मंडियों में रखा अनाज भी भीग गया। यवतमाल जिले की दिग्रस तहसील में गाज गिरने से बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
अमरावती जिले में ओलावृष्टि व तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने किसानों की फसलों को चौपट कर दिया। कई मकानों की छतें उड़ गईं, अनेक पेड़ धराशायी हो गए। खेतों में खड़ी रबी की फसलें गेहूं, चना के साथ ही मिर्च, प्याज और साग-सब्जियों को भी भारी नुकसान पहुंचा।
वर्धा जिले में बारिश से फसलें तबाह होने के साथ ईंट भट्टों को भी क्षति पहुंची। वर्धा शहर के साथ ही आर्वी, देवली, समुद्रपुर आदि स्थानों पर सोमवार रात बादलों की गडग़ड़ाहट के साथ जोरदार बारिश हुई। मंगलवार सुबह भी रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा।
यवतमाल जिले की अनेक तहसीलों में सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई बारिश से गेहूं, ज्वार, चना, हल्दी, पपीते के साथ सब्जियों का भी जबरदस्त नुकसान हो गया। बिजली आपूर्ति भी बार-बार ठप होती रही।
चंद्रपुर और गड़चिरोली जिले में मेघ छाए रहे लेकिन बारिश होने की खबर नहीं है।
गोंदिया में जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में दिनभर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अचानक हुई वर्षा से सब्जी की फसल खराब होने की आशंका कृषि विभाग ने जताई है।
भंडारा जिले में भी रात में जोरदार बारिश होने के साथ ही दिनभर बादलों ने आसमान में डेरा डाल रखा था। इस बीच खेतों में काटकर रखी गईं गेहूं और चने की फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका जतायी जा रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने के साथ ही जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
बिजली गिरने से पांच झुलसे
यवतमाल जिले की दिग्रस तहसील अंतर्गत ग्राम दत्तापुर में मंगलवार सुबह 9 बजे के दौरान गाज गिरने से बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। एक युवक और चार बच्चे बकरियां चराने जंगल में गए थे। तभी जोरदार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए पांचों पेड़ के नीचे खड़े हुए। तभी पेड़ पर बिजली गिर पड़ी और राम दशरथ भट (17), आहू प्रह्लाद शेलके (12), संतोष उल्हास शेलके (20), वंशिका खंडू सालवे (11) और मंगेश भारत टाले (15) गंभीर रूप से झुलस गए।
Created On :   23 March 2021 9:58 PM IST