खुद को सेल्स टैक्स अधिकारी बताकर 32 लाख लूटने वाली महिला और साथी गिरफ्तार

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
अपराध खुद को सेल्स टैक्स अधिकारी बताकर 32 लाख लूटने वाली महिला और साथी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खुद को सेल्स टैक्स अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से 32 लाख रुपए नकद और उसका मोबाइल छीनकर भागी महिला और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम रजिया शेख और संजय सिंह करचोली है। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से वारदात के बाद कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को इस बात की जानकारी थी कि अंगड़िया के यहां से रोजाना लाखों की नकदी का लेन देन होता है। इसी के आधार पर उन्होंने शिकायतकर्ता जठाराम प्रजापति को शिकार बनाया। प्रजापति अपने मालिक के पैसे अंगड़िया के यहां से ला रहे थे। इसी दौरान कालबादेवी इलाके में मोटर साइकल से पहुंचे रजिया और संजय ने उन्हें रोका। दोनों ने खुद को सेल टैक्स अधिकारी बताया और बैग दिखाने की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने पैसे देखे और कार्रवाई के नाम पर प्रजापति से बैग के साथ उनका मोबाइल भी छीन लिया।

प्रजापति ने मालिक को इसकी जानकारी दी साथ ही एलटी मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ठगी और दूसरी संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की। इलाके में लगे सीसीटीवी की जांच की गई तो आरोपियों की मोटरसाइकिल उसमें कैद हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने छानबीन आगे बढ़ाई तो खुलासा हुआ कि आरोपी मंगलदास मार्केट तक गए थे। इसके बाद पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी इसी इलाके में सुरक्षा रक्षक के तौर पर काम करते हैं। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि संजय मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले का जबकि रजिया मुंबई के घाटकोपर इलाके की रहने वाली है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। एपीआई राहुल भंडारे की अगुवाई में पुलिस आरोपियों द्वारा लूटी गई रकम बरामद करने की कोशिश में जुटी हुई है। 

 

Created On :   26 Feb 2023 9:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story