महिला आर्टिस्ट्स के हाथों में कमाल,पेंटिंग्स बेमिसाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पेंटिंग ऐसी कला है जिसमें अपनी कल्पना को आप उकेर सकते हैं। समय के साथ इसमें भी आधुनिकता आई है और कला प्रेमियों को ऐब्सट्रैक्ट और ऑयल पेंटिंग के कई शानदार उदाहरण देखने को मिल रहे हैं। रंग-बिरंगी पेंटिंग्स का मकसद है लोगों को प्रकृति के नजदीक लाना और सुखद अहसास दिलाना। शहर की महिला चित्रकार भी इसमें बढ़-चढ़ कर शामिल हो रही हैं। अपनी पेंटिंग में नए-नए प्रयोगों को सामने ला रही हैं। चित्रकारी में स्केच, सीनरी, सीनिक पेंटिंग जैसी विधाएं देखी जा रही हैं।
ज्यादा पसंद की जाती है ऑयल पेंटिंग्स
पेंटर व आर्टिस्ट प्राजक्ता गंगाखेडकर कहती हैं इन दिनों ऑयल पेंटिंग को चाहने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। इन कृतियों को बनाने वाले कलाकार भी आगे रहे हैं। प्राजक्ता के मुताबिक इसमें पूरा चित्र बनता है तथा उसकी हाईलाइटिंग के लिए सघनता व विरलता का उपयोग किया जाता है। लोग पेंटिंग के लिए हजारों की कीमत देने को तैयार रहते हैं। मेरी पेंटिंग को नेशनल अवार्ड मिल चुका है। फ्रेम के लिए एक पेंटिंग बनाई गई है। इसमें कई ऑयल पेंटिंग्स शामिल हैं। प्राजक्ता कहती हैं कि तकनीक और कला मिल कर एक से बढ़ कर एक कारनामे दिखा सकते हैं। पेंटिंग बनाने के लिए आॅयल कलर्स यानी तैलीय रंगों का सहारा लिया जाता है। चित्रकला की इस शैली में रंग निखर कर आता है और इसे सालों तक सुरक्षित रखना संभव होता है।
पेंटिंग में दर्जनों शेड्स
मधुमति वराडपांडे कई वर्षों से पेंटिंग बनाती हैं। उनके मुताबिक पेंटिंग्स में दर्जनों शेड्स भरे जा सकते हैं। मधुमति की पेटिंग्स को देश विदेश में सराहना मिली है। वे एब्ट्रेक्ट पेंटिंग बनाती हैं। एब्ट्रेक्ट पेंटिंग में भी नया प्रयोग करते हुए ये पेंटिंग नए जमाने के साथ बदल रही हैं। रंगों में से भी खूबसूरती निकाल रही हैं। उनकी कृतियों को हाल ही में देश में काफी सराहना मिली है। उनके मुताबिक हर रूप को वे अपने कैनवस पर उकेरती हैं।
Created On :   19 March 2018 3:46 PM IST