- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- स्वच्छता का संदेश लेकर साइकिल...
स्वच्छता का संदेश लेकर साइकिल यात्रा पर निकले युवा,अमिताभ बच्चन से करेंगे मुलाकात

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और विश्व शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के मकसद से निकली साइकिल यात्रा उपराजधानी पहुंची। जिसमें मोदी के अभियान को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे युवा दल का नेतृत्व अमित सोनी कर रहे हैं। उनके अलावा जयदेव मिश्रा, मनोज सागर, रावेन्द्र पांडेय और राजू जयसिंह दल के अन्य सदस्य हैं। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रहने वाले युवाओं ने सिविल लाइन्स स्थित विधायक निवास में शनिवार को आराम किया और सुबह पांच बजे कारंजा के लिए रवाना हो गए।
महानायक अमिताभ बच्चन से करेंगे मुलाकात
सितंबर की 15 तारीख से रायगढ़ से आरंभ हुई साइकिल यात्रा का लक्ष्य नागपुर होते हुए 1400 किलो मीटर सफर तय कर मुंबई पहुंचना है। मुंबई में दल के सदस्य स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसेडर और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलेंगे। इस अभियान के विषय में जानकारी देते हुए अमित सोनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य स्वच्छ भारत के अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है। इसलिए हम साइकिल यात्रा पर निकले हैं। हम मुंबई में जाकर अमिताभ बच्चन को झारा शिल्पकार द्वारा बनाई गई कलाकृति रायगढ़वासियों की ओर से प्रदान करेंगे। साइकिल यात्रा के दौरान दल के सदस्य ईंधन बचाने, वृक्षारोपण करने का भी संदेश दे रहे हैं।
अभियान को सफल बनाने में जुटे कई संगठन
बतादें, स्वच्छ भारत अभियान राष्ट्रीय स्तर का अभियान है। जिसका उद्देश्य गलियों, सड़कों और पूरे इलाके को साफ-सुथरा रखना है। ये अभियान महात्मा गांधी के जन्मदिवस 02 अक्टूबर 2014 को शुरु किया गया था। महात्मा गांधी ने लोगों को स्वच्छता रखने संबंधी शिक्षा प्रदान कर राष्ट्र को एक उत्कृष्ट संदेश दिया था। इस अभियान के तहत सरकार ने 2 अक्टूबर 2019 तक महात्मा गांधी के जन्म की 150 वीं वर्षगांठ तक 1.2 करोड़ शौचालयों का निर्माण कर खुले में शौंच मुक्त भारत का लक्ष्य रखा है। हालांकि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए देशभर के कई संगठन और युवा इसका प्रचार प्रसार कर रहे हैं। साइकिल यात्रा के माध्य से ये युवा भी इसी जाग्रती को जनजन तक पहुंचाने निकले हैं।
Created On :   24 Sept 2017 7:12 PM IST