- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- Zomato के फूड डिलीवरी ब्वॉयज का...
Zomato के फूड डिलीवरी ब्वॉयज का धरना, कंपनी पर लगाया आर्थिक शोषण करने का आरोप

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ऑनलाइन फूड डिलीवर कंपनी जोमेटो के डिलीवरी ब्वॉयज ने सोमवार को कंपनी के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते ऑनलाइन फूड डिलीवर सेवा प्रभावित रही। इस प्रदर्शन को शिवसेना ने भी समर्थन दिया है। संविधान चौंक में प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में थे। पुलिस आयुक्त भूषणकुमार उपाध्याय व यातायात विभाग के पुलिस आयुक्त गजानन राजमने से भी कार्यकर्ताओं ने शिकायत की है।

ऑनलाइन फूड डिलीवर कंपनी के माध्यम से घर पहुंच खाद्य व्यंजन भेजने की सेवा दी जा रही है। डिलीवर ब्वाय अथवा राइडर खाद्य प्रतिष्ठान से लेकर ग्राहक तक खाद्य व्यंजन पहुंचाता है। बताया गया है कि डिलीवर ब्वाय के लिए दिन निर्धारित किए गए हैं। सोमवार, मंगलवार , बुधवार व गुरुवार को 16 आर्डर प्रतिदिन करने का टारगेट दिया गया है। राइडर को अपनी ही मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करना होता है। अब आर्डर का टारगेट 20 से 22 प्रतिदिन कर दिया गया है। राइडर का कहना है कि एक आर्डर पूरा करने तक करीब डेढ घंटा लगता है। 20 से 22 आर्डर पूरा करने के लिए प्रतिदिन 26 से 27 घंटे लगेंगे। इस तरह काम करना मुश्किल है।
काम की आपाधापी में दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। 3 से 4 राइडर की दुर्घटना में मौत हो चुकी है। राइडर काम छोड़ने पर मजबूर हैं। राइडर के लिए कमर्शियल वाहन की व्यवस्था होना चाहिए। जबकि वे अपने वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस मामले में यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। पुलिस उपायुक्त से मिले कार्यकर्ताओं में नितीन तिवारी, राजू तुमसरे, मुन्ना तिवारी, अब्बास अली, आशीष हाडगे शामिल थे। इस प्रदर्शन को एप कैब एंड ई कामर्स वर्क्स इंटरनेशनल संगठन ने भी समर्थन दिया। संगठन के महासचिव राजेश निंबालकर के अनुसार यह मामला श्रम शोषण से जुड़ा है।
Created On :   17 Jun 2019 8:14 PM IST