Panna News: नलजल योजना की हकीकत, ४२ डिग्री पारा के बीच प्यासे आमजन

नलजल योजना की हकीकत, ४२ डिग्री पारा के बीच प्यासे आमजन
पन्ना शहर की नजदीकी ग्राम पंचायत बृजपुर इस वक्त दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर आसमान से बरसती आग और 42 डिग्री के पार पहुँच चुका पारा है तो दूसरी ओर बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करती 7 हजार की आबादी है।

Panna News: पन्ना शहर की नजदीकी ग्राम पंचायत बृजपुर इस वक्त दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर आसमान से बरसती आग और 42 डिग्री के पार पहुँच चुका पारा है तो दूसरी ओर बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करती 7 हजार की आबादी है। विडंबना यह है कि शासन की फाइलें नल-जल योजना की सफलता से भरी हैं लेकिन धरातल पर लोग पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

40 साल पुरानी पाइपलाइन के भरोसे पंचायत

गाँव की जल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में आज भी 40 साल पुरानी जर्जर पाइपलाइन बिछी हुई है। चौंकाने वाला तथ्य यह है कि करीब 20 साल पहले जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी तो बना दी गई लेकिन नई पाइपलाइन नहीं डाली गई। नतीजा यह है कि 7 हजार की आबादी वाले इस गाँव में केवल 30-35 घरों तक ही पानी पहुँच पा रहा है। प्रशासनिक लापरवाही का एक और पहलू राजस्व की हानि है। पिछले 12 वर्षों से पानी की सप्लाई का दावा किया जा रहा है लेकिन आज तक जलकर की वसूली ही नहीं की गई। पंचायत को लाखों रुपये के राजस्व का चूना लग रहा है। एक तरफ वसूली शून्य है तो दूसरी तरफ बिजली बिलों पर लाखों रुपये फूंके जा रहे हैं जिसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा।

आदिवासी बस्तियों में हाहाकार, पानी के लिए एक किमी पैदल चल रहे

सबसे बदतर हालात गिरमानी टोला पुरवा और नई बस्ती पावर हाउस के हैं। यहाँ के आदिवासी परिवारों को इस झुलसा देने वाली गर्मी में एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों का दर्द है कि उनका आधा दिन सिर्फ प्यास बुझाने के इंतजाम में ही गुजर जाता है।

शोपीस बनें शासकीय कुयें

शासन ने लाखों रुपये खर्च कर पंचायत में तीन कुओं का निर्माण कराया था लेकिन रखरखाव के अभाव और प्रशासनिक उदासीनता के कारण ये कुएं आज केवल दिखावे की वस्तु बनकर रह गये हैं। यदि समय रहते इनका जीर्णोद्धार किया गया होता तो आज पेयजल संकट इतना न गहराया होता। बृजपुर की जनता ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन का नवीनीकरण कर 40 साल पुरानी जर्जर पाइपलाइन को हटाकर तत्काल नई लाइन बिछाई जाए।

इनका कहना है

सप्लाई के लिए जो लाईन डली हुई है वह बहुत पुरानी हैं साथ ही बृजपुर में दो बोरवेल की आवश्यकता है।

असित रंजन, सचिव ग्राम पंचायत बृजपुर जपं पन्ना

Created On :   14 May 2026 2:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story