- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में...
Panna News: जिला अस्पताल के एनआरसी वार्ड में मासूमों की अग्निपरीक्षा, अव्यवस्थाओं के बीच तप रहे कुपोषित बच्चे

Panna News: मध्य प्रदेश में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच चुका है लेकिन पन्ना जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र एनआरसी में भर्ती मासूमों के लिए यह मौसम जानलेवा साबित हो रहा है। जिले के जिम्मेदार अधिकारियों के दावों के उलट यहाँ अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि कुपोषित बच्चे भीषण गर्मी और उमस के बीच तपने को मजबूर हैं।
वार्ड की हालत- न ठंड़ा पानी, न कूलिंग की व्यवस्था
एनआरसी वार्ड जहाँ बच्चों को स्वस्थ करने और उनकी विशेष देखभाल का जिम्मा अस्पताल प्रबंधन पर है वहाँ बुनियादी सुविधाओं का अभाव दिख रहा है। वार्ड में न तो एयर कंडीशनर की व्यवस्था है और न ही लगे हुए कूलर सही ढंग से काम कर रहे हैं।
पानी का संकट
अस्पताल परिसर में पीने के ठंडे पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। परिजनों को चिलचिलाती धूप में बाहर जाकर पानी का इंतजाम करना पड रहा है।
परिजनों का छलका दर्द, बाहर घूमकर काट रहे वक्त
वर्तमान में इस वार्ड में 10 कुपोषित बच्चे भर्ती हैं। उनके माता-पिता का कहना है कि वार्ड के भीतर बैठना दूभर हो गया है। वार्ड में भर्ती एक बच्चे की मां आरती ने व्यथा सुनाते हुए कहा कि गर्मी इतनी है कि बच्चे रो रहे हैं। वहीं जानकी बाई ने कहा कि कूलर सिर्फ नाम के हैं हवा नहीं लग रही। हम दिन भर बच्चों के शरीर से पसीना पोंछते रहते हैं और जब गर्मी बर्दाश्त से बाहर होती है तो उन्हें गोद में लेकर बाहर पेड़ की छांव या बरामदे में टहलने को मजबूर हैं।
दावों और हकीकत में बड़ा फासला
एक ओर जहाँ अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन का दावा है कि अस्पताल में मरीजों के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं वहीं एनआरसी वार्ड की यह जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। सवाल यह उठता है कि अगर कुपोषण से लड़ रहे बच्चों को ही स्वच्छ पानी और सुरक्षित वातावरण नहीं मिलेगा तो वह स्वस्थ कैसे होंगे। अब देखना यह होगा कि इस खबर के सामने आने के बाद क्या जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटती है या मासूम इसी तरह सिस्टम की बेरुखी की तपिश झेलते रहेंगे।
Created On :   26 April 2026 3:13 PM IST














