Panna News: धरमपुर के दिविहा गांव में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

धरमपुर के दिविहा गांव में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नाली निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
जिले की अजयगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमपुर का मजरा दिविहा इन दिनों एक गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लगभग एक हजार की आबादी वाला यह गांव टापू में तब्दील हो गया है।

Panna News: जिले की अजयगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत धरमपुर का मजरा दिविहा इन दिनों एक गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लगभग एक हजार की आबादी वाला यह गांव टापू में तब्दील हो गया है। आलम यह है कि गांव की मुख्य सडक़ों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ है जिससे ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों का निकलना दूभर हो गया है।

विवाद बना मुसीबत का कारण

गांव की इस बदहाल हालात के पीछे एक निजी भूमि का विवाद बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गांव के ही निवासी गया कुशवाहा ने अपनी निजी आराजी भूमि से होने वाली पानी की निकासी को पूरी तरह बंद कर दिया है। चूंकि गांव के पानी निकलने का यही एकमात्र मार्ग था निकासी बंद होने से पूरा गांव जलमग्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी। गंदा पानी सडक़ों पर जमा होने से बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी के लिए स्थाई नाली का निर्माण कराया जाए ताकि गांव को जलभराव से मुक्ति मिले। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत गांव को मुख्य मार्ग धरमपुर-कालिंजर से जोडऩे वाली पक्की सडक़ बनाई जाए।

इनका कहना है

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और मैंने स्वयं गया कुशवाहा से मुलाकात कर रास्ता खोलने का अनुरोध किया था लेकिन उन्होंने अपनी जमीन से पानी निकालने देने से साफ मना कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी धरमपुर ने भी मौके का मुआयना किया है। नाली निर्माण के लिए आवश्यक सभी कागजी और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिससे गांव की पानी निकासी की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा।

बुद्ध सिंह

सचिव ग्राम पंचायत धरमपुर

Created On :   11 April 2026 1:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story