- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- रात में चाय बेंचने वाले गुमटी...
Panna News: रात में चाय बेंचने वाले गुमटी संचालकों पर पुलिस की सख्ती, धारा १५१ की कार्यवाही कर नवयुवकों को भेजा जेल

Panna News: कस्बा में २२-२३ अप्रैल की दरिम्यानी रात्रि पुलिस कार्यवाही ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात करीब 12 बजे रैपुरा पुलिस ने चार छोटे दुकानदारों को दुकान खुली रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इन्हें पहले ही रात 11 बजे के बाद दुकान बंद रखने के निर्देश दिए गए थे नोटिस भी भेजे गए बावजूद इसके नियमों का उल्लंघन किया गया। हालांकि इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि जहां एक ओर गरीब चाय-पान दुकानदारों पर सख्ती दिखाई जा रही है।
गरीबों पर रोजी-रोटी का संकट
वहीं दुकानदारों का कहना है हम चाय, बिस्कुट व नमकीन की दुकानें चलाकर अपना जीवन यापन करते हैं। कस्बे के चौराहे से दो राजकीय राजमार्ग 41 और 48 निकलते हैं जिसमें रात में यात्री भोपाल, इंदौर जाने वाली बसों में सवार होते हैं साथ ही लंबी दूरी की यात्रा करने वाले ट्रक सहित अन्य छोटे वाहनों के यात्री यहां से होकर गुजरते हैं। रात में लगभग ज्यादातर लोग चाय व नाश्ते के लिए यहां रूकते हैं हम केवल यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत दुकान संचालित करते हैं।
पुलिस ने चार दुकानदारों को किया गिरफ्तार, नवयुवकों पर भी कार्यवाही
रैपुरा पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए कुल चार दुकानदानों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें १९ वर्षीय नवयुवक भी शामिल है। प्राप्त जानकारी अनुसार पुलिस ने गिरफ्तार दुकानदारों को रात में थाने में ही रखा और सुबह आरोपियों की रैपुरा तहसील में पेशी हुई। जहां दो दुकानदारों को जमानत दे दी गई और दो को जमानत न मिलने पर उपजेल पवई भेज दिया गया। जिन्हें अगले दिन 24 अप्रैल को जमानत मिली जिसे लेकर देर शाम पवई जेल से रिहाई हो सकी।
कार्यवाही बनीं लोगों के बीच चर्चा का विषय
कस्बे में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। जहां लोगों ने बताया कि गरीब दुकानदारों को जेल भेजना मानवता के खिलाफ है। दो क्रमश: १९ एवं २१ वर्षीय नवयुवकों के साथ अपराधियों जैसा सलूक किया गया। वहीं कस्बे में देर रात तक खुल रही शराब दुकान एवं क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रहे गांजे पर कोई कार्यवाही नहीं होती।
पुलिस ने इन पर की कार्यवाही
पुलिस द्वारा रितेश उर्फ रिंकू कुशवाहा उम्र १९ वर्ष जो कि कटनी तिराहे पर एक दुकान में चाय बनाने का काम करता है। आर्थिक तंगी होने के कारण वह यह कार्य करता है और दुकान संचालन करके अपने परिवार का आर्थिक सहयोग करता है। रिंकू का आरोप है कि पुलिस आरक्षक अभिषेक की तीन-चार सौ रुपए की उधारी थी मंैने कुछ समय पहले पैसे भी मांगे थे शायद इसी से रोष खाकर थाने के अंदर आरक्षक अभिषेक द्वारा उसे एक चांटा भी मारा गया। वहीं आशीष सैनी हनुमान मंदिर के पास एक टपरी में अपनी पत्नि एवं एक बेटे, बेटी के साथ रहते हैं। उनकी जीवकोपार्जन का एक मात्र सहारा यह दुकान है। आशीष को भी रात में दुकान खोलने के कारण गिरफ्तार कर लिया गया। एक दिन जमानत नहीं हुई तो पवई जेल गए। जमानत के लिए दो बच्चों को छोड़ पत्नि दिनभर भटकती रहीं तब अगले दिन रिहा हो सके। लखन शर्मा ने बताया कि परिवार में छ: सदस्य हैं। उनकी अस्सी वर्षीय माता जी, पत्नि, दो बेटे एवं एक बेटी हैं। आय का साधन मात्र यह चाय पान की दुकान है। जिसे अब रात ग्यारह बजे के बाद बंद करवा दिया जा रहा है। लखन बताते हैं कि दिन में वह दुकान चलाते हैं तो रात में बड़ा बेटा २१ वर्षीय रामजी शर्मा चलाता है। उस रात रामजी ही दुकान में था। पुलिस ने धारा 151 के तहत बेटे को रात 12 बजे गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन जमानत नहीं होने से पवई जेल भेजा गया फिर दूसरे दिन जमानत हुई। वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने भी परिजनों को कोई सूचना नहीं दी।
इनका कहना है
अगर किसी से थाने में मारपीट हुई है तो मैं जांच करवा लेती हूं। परमिशन के विषय में आप मजिस्ट्रेट या कलेक्टर मैडम से इस विषय में बात करें।
श्रीमती निवेदिता नायडू, पुलिस अधीक्षक पन्ना
Created On :   27 April 2026 4:44 PM IST














