- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- गंदगी से पटा पड़ा तालाब, कभी अपने...
Panna News: गंदगी से पटा पड़ा तालाब, कभी अपने सौंदर्य के लिए जाना जाता था

- गंदगी से पटा पड़ा तालाब
- कभी अपने सौंदर्य के लिए जाना जाता था
Panna News: कस्बे के बस स्टैंड से सटे स्थानीय पेट्रोल पम्प के पास स्थित तालाब जो कभी अपने सौंदर्य के लिए जाना जाता था और जहाँ लोग घूमने-फिरने का आनंद लेते थे अब लोगों की लापरवाही के कारण दिन-प्रतिदिन खराब होता जा रहा है। तालाब में फैली गंदगी ने इसके सौंदर्य पर दाग लगा दिया है और जलीय जीवों का जीवन खतरे में पड़ गया है। इस मनोरम तालाब के चारों ओर कचडा फैला हुआ है जो न केवल इसकी सुंदरता को नष्ट कर रहा है बल्कि यहाँ पल रही मछलियों के जीवन के लिए भी खतरा बन गया है। कमल के सुंदर फूल जो कभी इस तालाब की शोभा बढ़ाते थे अब गंदे पानी के कारण मुरझाने लगे हैं। आवश्यकता है तो बस इतनी कि लोग इस तालाब में गंदगी न फैलाएं और इसके सौंदर्य को बनाए रखने में सहयोग करें। दुर्भाग्यवश स्थानीय लोगों की बेपरवाही के कारण इस तालाब के सौंदर्यीकरण पर ग्रहण लग गया है। देखा जा रहा है कि लोग अपने घरों की खंडित मूर्तियां और तस्वीरें इस तालाब के पानी में प्रवाहित कर देते हैं जिससे लगातार गंदगी बढ़ती जा रही है। यह प्रथा न केवल तालाब को प्रदूषित कर रही है बल्कि इसके पारिस्थितिकी तंत्र को भी नुकसान पहुंच रहा है।
तालाब में विभिन्न प्रकार की मछलियां और कछुए निवास करते हैं। गंदगी और संभावित रूप से घरों से आने वाले रासायनिक पानी के कारण इन जीवों का जीवन खतरे में पड़ गया है। प्रदूषित पानी में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है जिससे मछलियों का जीवित रहना मुश्किल हो जाता है। कछुए भी इस दूषित वातावरण में बीमारियों का शिकार हो सकते हैं। इस तालाब की एक और विशेषता यह है कि यहां हर साल कमल के फूल खिलते हैं जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगाते हैं। हालांकि बढ़ते प्रदूषण के कारण अब ये फूल भी मुरझा रहे हैं। कमल के पौधों को स्वच्छ पानी और उचित वातावरण की आवश्यकता होती है जो इस तालाब में बढ़ती गंदगी के कारण मिलना मुश्किल हो रहा है। यदि यही हाल रहा तो आने वाले समय में शायद ही यहां कमल के फूल दिखाई दें। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है क्योंकि यह तालाब न केवल एक प्राकृतिक सौंदर्य स्थल है बल्कि स्थानीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण जल स्त्रोत और मनोरंजन का स्थान भी है। यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह पूरी तरह से प्रदूषित होकर अपनी पहचान खो देगा।
Created On :   3 May 2025 3:24 PM IST