Panna News: कीचड़ से सराबोर खाद गोदाम का मार्ग, किसान परेशान

कीचड़ से सराबोर खाद गोदाम का मार्ग, किसान परेशान
  • कीचड़ से सराबोर खाद गोदाम का मार्ग
  • किसान भी हो रहे परेशान

Panna News: शहर की इंद्रपुरी कॉलोनी में स्थित जिला विपणन कार्यालय के खाद गोदाम पर पहुंचने वाले किसान इन दिनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। गोदाम परिसर की सडक़ कीचड और दलदल में तब्दील हो चुकी है। जिससे यहां आने-जाने वाले लोगों और विशेषकर किसानों को भारी समस्यायें हो रहीं हैं। यह खाद गोदाम किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से उन्हें खेती के लिए खाद मिलती है लेकिन परिसर की दुर्दशा के कारण उन्हें रोजमर्रा की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है। परिसर में जगह-जगह पानी जमा होने से पूरा क्षेत्र दलदल बन गया है जिसमें पैदल चलना भी मुश्किल है। किसानों को अपने वाहन निकालने और खाद की बोरियां लाने-ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है।

कई बार तो ट्रैक्टर या गाडियां कीचड़ में फंस जाती हैं जिससे काम और भी धीमा हो जाता है। स्थानीय किसान राजकुमार सिंह ने बताया कि हमें खाद लेने के लिए यहां कई किलोमीटर दूर से आना पड़ता है लेकिन यहां की हालत देखकर लगता है कि प्रशासन को हमारी समस्या की कोई परवाह नहीं है। कीचड़ में चलने से कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं और कभी-कभी तो गिरने का भी डर बना रहता है। किसानों और स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस महत्वपूर्ण स्थान पर सडक़ की मरम्मत करना अति आवश्यक है ताकि किसानों को खाद लेने में होने वाली असुविधा को दूर किया जा सके।

बरसात के मौसम में भारी कीचड होता है इसलिए आवागमन में काफी परेशानी होती है यहां पर सीसी सडक बनाई जानी चाहिए।

पवन शुक्ला, किसान

हम अपनी ऑटो लेकर किसान की खाद ले जाते हैं लेकिन गढ्ढे व कीचड में वाहन कभी-कभी फंस जाने के साथ अनियंत्रित होता है जिससे गिरने का खतरा बना रहता है।

वीरेन्द्र शर्मा, ऑटो चालक

इनका कहना है

सडक में जो कीचड फैला है उसके लिए मुख्यालय को पत्र लिखा गया है।

एस.एल. धुर्वे, जिला विपणन अधिकारी पन्ना

Created On :   5 Sept 2025 1:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story