pune News: एक साथ आए 3 तेंदुए, 15 बकरियां मारी

एक साथ आए 3 तेंदुए, 15 बकरियां मारी
बकरियां चराकर शाम को घर लौट रहा था चरवाहा

भास्कर न्यूज, मंचर। आंबेगांव तहसील के चांडोली बुद्रुक गांव में मंगलवार की रात को तीन तेंदुओं के हमले में चरवाहे भानुदास ढेकले की 15 बकरियों की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने तेंदुओं को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगाने की मांग की है। भानुदास ढेकले शाम के समय अपनी बकरियों को लेकर लौट रहे थे, तभी तीन तेंदुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में 14 बकरियां मौके पर ही मारी गईं, जबकि एक बकरे को तेंदुआ घसीट कर ले गया। ढेकले ने साहस दिखाते हुए 5 बकरियों को बचाने में सफलता हासिल की। घटना की सूचना मिलते ही वनपाल सोनल भालेराव, वन रक्षक संपत तांदले, वन सेवक जालिंदर काले और किसन पोखरकर ने घटनास्थल का दौरा कर पंचनामा किया। इस क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नागरिक चिंतित हैं। कीर्तन से लौट रहे कुछ ग्रामीणों ने भी तेंदुए को देखने की बात कही है।

वडगांव काशिंबेग में मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद

आंबेगांव तहसील के वडगांव काशिंबेग-शिंदेबस्ती स्थित वालुंजमला परिसर में कई दिनों से आतंक मचा रही मादा तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने बुधवार को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। मंचर वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास भोसले ने बताया कि पकड़ी गई मादा तेंदुआ करीब डेढ़ साल की है। इस अभियान में वनपाल महेश मेरगेंवाड और वन रक्षक आदर्श जगताप ने विशेष रूप से भाग लिया। पिछले कुछ दिनों से इस परिसर में तेंदुआ बार-बार दिखाई दे रहा था। साथ ही, कुछ भेड़ों और अन्य जानवरों पर भी हमले हुए थे। आखिरकार वन विभाग के लगातार प्रयासों के बाद तेंदुआ पकड़े जाने से परिसर के नागरिकों ने राहत की सांस ली है।

Created On :   13 Nov 2025 6:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story