- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- पिंपरी-चिंचवड़ मनपा ने अंतरराष्ट्रीय...
Pune City News: पिंपरी-चिंचवड़ मनपा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत की पहचान

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिंपरी-चिंचवड़ मनपा ने एक बार फिर पहचान मजबूत की है। स्पेन के बार्सिलोना में 4 से 6 नवंबर के दौरान आयोजित 'स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2025' के दौरान हुई 'अंतरराष्ट्रीय शहरी और क्षेत्रीय सहयोग ग्लोबल थीमैटिक नेटवर्किंग कार्यशाला' में भाग लेने के लिए भारत के छह पायलट शहरों में से एक के रूप में पिंपरी-चिंचवड़ मनपा को आमंत्रित किया गया था।
कार्यशाला में मुख्य अभियंता संजय कुलकर्णी और सहशहर अभियंता बापू गायकवाड़ ने पिंपरी-चिंचवड़ मनपा का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने शहरी गतिशीलता, जलवायु परिवर्तन के अनुकूल योजना और टिकाऊ यातायात जैसे विषयों पर केंद्रित सत्रों में दुनियाभर के प्रतिनिधियों के साथ अनुभवों और विचारों का आदान-प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान ल्यूवेन, हैम्बर्ग और विक्टोरिया जैसे शहरों के साथ 'वेस्ट-टू-एनर्जी', 'हरित यातायात प्रणाली' और 'स्मार्ट शहरी उपाय' जैसे विषयों पर गहन चर्चा की गई।
चर्चाओं से महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि दुनिया के कई शहर पर्यावरण चुनौतियों का सामना करने के लिए नवाचार और भागीदारी के माध्यम से कैसे प्रयास कर रहे हैं। मनपा वर्तमान में जलवायु अनुकूल विकास, हरित गतिशीलता, कचरा प्रबंधन और ऊर्जा दक्षता के लिए नवीन उपाय कर रही है। अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से मनपा वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम शहरी नीतियों को अपनाने की दिशा में प्रयासरत है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह भागीदारी पिंपरी-चिंचवड़ शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है और मनपा विश्वस्तरीय टिकाऊ और स्मार्ट शहरों की सूची में पहचान को और मजबूत कर रही है।
बार्सिलोना में हुई अंतरराष्ट्रीय परिषद में पिंपरी-चिंचवड़ मनपा की भागीदारी हमारे शहर के उन्नत और टिकाऊ विकास दृष्टिकोण की वैश्विक स्तर पर पहचान है। पर्यावरण अनुकूल तकनीक, हरित यातायात और नागरिक उन्मुख नीतियों के माध्यम से हम विश्वस्तरीय, रहने योग्य और भविष्योन्मुखी शहर बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ रहे हैं।
- श्रावण हर्डिकर, आयुक्त, मनपा
पिंपरी-चिंचवड़ मनपा को वैश्विक आयोजन में स्थान मिलना शहर के टिकाऊ विकास के प्रयासों की पहचान है। इसके माध्यम से हमें विभिन्न देशों के शहरों के सफल अनुभवों और नई तकनीक को जानने का अवसर मिला, जो भविष्य की परियोजनाओं के लिए उपयोगी साबित होगा।"
- संजय कुलकर्णी, मुख्य अभियंता, मनपा
Created On :   13 Nov 2025 5:31 PM IST












