Pune City News: आईटी पार्क में तेज रफ्तार डंपर ने फिर ली एक जान

आईटी पार्क में तेज रफ्तार डंपर ने फिर ली एक जान
  • 20 वर्षीय युवती की मौत, हिंजवडी में हादसे के बाद चालक फरार
  • हिंजवड़ी में डंपर दुर्घटनाओं में बेतहासा बढ़ोतरी

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। पिछले कुछ महीनों में आईटी पार्क हिंजवड़ी और आसपास के इलाकों में डंपर, मिक्सर जैसे भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनायेँ काफी बढ़ गई है। सोमवार को जांबे क्षेत्र के सावंत पार्क चौक में दोपहर एक और भीषण हादसा हुआ जिसमें एक 20 वर्षीय युवती की डंपर के पहियों तले दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना ने पूरे परिसर में शोक और आक्रोश का वातावरण निर्माण है। पुलिस के मुताबिक, मृत युवती की पहचान तन्वी सिद्धेश्वर साखरे (20), निवासी मुक्तानंद हाइट्स, हिंजवड़ी–डांगे चौक रोड, हिंजवड़ी, के रूप में हुई है। तन्वी अपने पिता सिद्धेश्वर लक्ष्मण साखरे (45) के साथ उनकी दोपहिया (MH 14–3883) पर जांबे के आर–16, कोलते पाटील, न्यू सर्कल परिसर से जा रही थी। दोपहर करीब 1:15 बजे जब वे सावंत पार्क चौक पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे डंपर (MH 14 HU 9855) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और यह हादसा हो गया।

-हिंजवड़ी में डंपर दुर्घटनाओं में बेतहासा बढ़ोतरी

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि तन्वी डंपर के पिछले पहियों के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उनके पिता भी हादसे में घायल हो गए हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से वाहन के साथ निकला। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा बनाकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने आरोपी डंपर चालक की तलाश तेज कर दी है। उसकी खोजबीन के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में आईटी पार्क हिंजवड़ी और आसपास के इलाकों में डंपर वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं में काफी बढ़ोतरी हुई है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कुछ दिनों पहले मोर्चा और आंदोलन के जरिये प्रशासन का ध्यानाकर्षित कर सुरक्षा उपाययोजनाओं की मांग की थी। इसके बाद आज हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। नागरिकों का आरोप है कि, हिंजवडी में डंपर लापरवाही से दौड़ रहे हैं, गति पर कोई नियंत्रण नहीं है, और निर्दोष नागरिक मारे जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की है। उनके अनुसार, लगातार शिकायतों के बावजूद, यातायात नियंत्रण और डंपरों के खिलाफ कार्रवाई बेहद अपर्याप्त है।

Created On :   18 Nov 2025 5:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story