- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- मनपा में फिर शुरू होगी बायोमीट्रिक...
Pune City News: मनपा में फिर शुरू होगी बायोमीट्रिक उपस्थिति

- 1 जनवरी से शुरू करने का लक्ष्य
- कर्मचारियों का पंजीकरण जारी
भास्कर न्यूज, पुणे। मनपा में ऑनलाइन उपस्थिति सिस्टम बंद होने के बाद कई कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। बढ़ती शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली दोबारा लागू करने का निर्णय लिया है। मनपा कार्यालयों में 60 नई बायोमीट्रिक मशीन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दावा किया जा रहा है कि नए साल में हाजिरी लेने का नया सिस्टम शुरू हो जाएगा। अतिरिक्त आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों का बायोमीट्रिक पंजीकरण जल्द पूरा किया जाए। मुख्य भवन, पांच जोन कार्यालयों और 15 क्षेत्रीय कार्यालयों में नई मशीनें स्थापित की जाएंगी। मनपा की निर्धारित कामकाज की समय-सारिणी सुबह 9:45 बजे की है, लेकिन कई कर्मचारी 10:30 बजे तक कार्यालय पहुंचते हैं। उपस्थिति प्रणाली बंद होने के बाद समय पालन का मुद्दा गंभीर रूप से उभरकर सामने आया था। मामला उठने पर आयुक्त नवलकिशोर राम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को समय का पालन न करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बायोमीट्रिक प्रणाली के संचालन के लिए मनपा ने मे. फीटेक सॉल्यूशन एलएलपी को नया ठेकेदार चुना है। कंपनी आगामी पांच साल तक पूरी प्रणाली की देखरेख करेगी। नई व्यवस्था सीधे कर्मचारियों के आधार नंबर और वेतन प्रणाली से जुड़ी रहेगी। मनपा विद्युत विभाग की मुख्य अभियंता मनीषा शेकटकर ने जानकारी दी कि कर्मचारियों का पंजीकरण पूरा होने के बाद 1 जनवरी-26 से नई बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली औपचारिक रूप से लागू कर दी जाएगी।
पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज
आधार कार्ड, मनपा का पहचान पत्र, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, वेतन पर्ची।
Created On :   18 Nov 2025 5:08 PM IST












