- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- गैर शिक्षक कर्मचारियों ने निकाला...
Pune City News: गैर शिक्षक कर्मचारियों ने निकाला विशाल मार्च

- भर्ती प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं होने पर जताया विरोध
- 2005 के बाद से नहीं भरे गए पद
भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य माध्यमिक विद्यालय गैर शिक्षक संगठन महामंडल द्वारा सोमवार को शनिवारवाड़ा से शिक्षा आयुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला गया। संगठन के नेता शिवाजी खांडेकर के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों कर्मचारियों ने विशाल मार्च में स्वेच्छा से हिस्सा लिया। संगठन का कहना है कि गैर शिक्षक कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है। परिणामस्वरूप बदलापुर जैसी घटनाएं हो रही हैं। अतः सरकार को गैर शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करना चाहिए।
लगभग सात से आठ हजार गैर शिक्षण कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। पदाधिकारियों का कहना है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वेतन 24 साल बाद मिलने वाले लाभों के अनुसार पूर्व की भांति एस 5 में निर्धारित होना चाहिए। सरकार को नई संशोधित सुनिश्चित प्रगति योजना (10/20/30) के संबंध में तत्काल निर्णय लिया जाना चाहिए। गैर शिक्षण कर्मचारियों में से जो शिक्षक पद के लिए पात्र हैं, उन्हें बिना शर्त और वेतनमान में पदोन्नति मिलना चाहिए और उनके पद जुड़ने के बाद गैर शिक्षण कर्मचारियों के वेतनमान में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए।
2005 के बाद से नहीं भरे गए पद
संगठन का कहना है कि स्कूलों में गैर शिक्षण कर्मचारियों के पद 2005 के बाद नहीं भरे गए हैं। इस कारण युवाओं के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाएं हो रही हैं। सरकारी कर्मचारी जिम्मेदारी से काम करते हैं। इसलिए सरकारी गैर शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती तुरंत शुरू की जाए। मार्च में पुणे संभाग शिक्षक विधायक जयंत असगांवकर, संगठन अध्यक्ष अनिल माने, कार्यकारी अध्यक्ष मोरेश्वर वासेकर, गैर अनुदानित कार्य समिति के खंडेराव जगदाले, प्राचार्य संगठन के हरिश्चंद्र गायकवाड़, शिक्षक लोकतांत्रिक गठबंधन के शिवाजी कामठे सहित शिक्षक और गैर-शिक्षण संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
संगठन नेता खांडेकर ने कहा कि यह मार्च केवल चेतावनी है। अगर इसके बाद भी संगठन की मांगें नहीं मानी गईं, तो अगले चरण में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, शीतकालीन सत्र में हजारों कर्मचारी विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र होंगे। अंतिम चरण में संगठन राज्य बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के साथ-साथ चुनाव कार्य सहित सभी कार्यों का बहिष्कार करेगा।
Created On :   18 Nov 2025 5:34 PM IST












