- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- 11 साल के बच्चे की पिटाई मामले में...
Pune City News: 11 साल के बच्चे की पिटाई मामले में सौतेली मां और पिता पर केस दर्ज

भास्कर न्यूज, पुणे। खराड़ी स्थित साखरे गार्डियन ईस्टर्न मेडोज सोसाइटी में 11 साल के बच्चे को बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। सौतेली मां द्वारा लगातार पिटाई झेल रहे बच्चे के शरीर पर जगह-जगह गहरे निशान मिले हैं। नागरिकों की शिकायत के बाद खराड़ी पुलिस ने सौतेली मां और पिता के खिलाफ बाल संरक्षण अधिनियम (जेजे एक्ट) की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है। घटना 16 नवंबर शाम की है।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे की मां की कुछ साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी है। सौतेली मां के पहले पति का कोरोना के दौरान निधन हुआ था। दोनों को पहले विवाह से एक-एक बच्चा है। 2022 में दोनों ने शादी की और चारों साथ रहने लगे। सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि सौतेली मां अक्सर दूसरे पति के बच्चे को मारती-डांटती है। पहले भी इस बात पर सोसाइटी में विवाद हुआ था, लेकिन तब मामला वहीं शांत कर दिया गया था।
घटना वाले दिन सौतेली मां ने बच्चे को हाथ, बेलन प्लास्टिक के स्टंप से इतनी जोर से पीटा कि उसके शरीर पर चोटों के नीले-काले निशान बन गए। बच्चे की चीखें सुनकर पड़ोसी घबरा गए और तुरंत उसके घर पहुंचे। बच्चे की हालत देखकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को फोन किया। खराड़ी पुलिस ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि बच्चे के शरीर पर पिटाई के गहरे निशान हैं और घटना के कारण उसका मानसिक स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सौतेली मां (36) और पिता (37) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण ने बताया कि मामले में सोसाइटी के निवासी आनंद साहबराव शिंदे की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Created On :   20 Nov 2025 3:59 PM IST












