मकोका का मामला: शातिर बदमाश पर येरवडा जेल में जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत

शातिर बदमाश पर येरवडा जेल में जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत
  • जेल में कैद गैंगस्टरों ने वारदात को दिया अंजाम
  • इलाज के दौरान तोड़ा दम
  • शातिर बदमाश पर जानलेवा हमला

डिजिटल डेस्क, पुणे। येरवडा जेल में बंद पिंपरी चिंचवड़ शहर के एक शातिर बदमाश पर चार कैदियों ने कैंची और अन्य घातक वस्तुओं से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोट लगने के कारण ससून अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में येरवडा पुलिस द्वारा चार कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जो जेल में हैं। यह सनसनीखेज वारदात येरवडा जेल के सर्कल नं. दो के बराक में गुरुवार (28 दिसंबर) की दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। हत्या की वजह पूर्व की दुश्मनी बताई जा रही है। बहरहाल जेल में हुई इस हत्या के मामले से हड़कंप मच गया है।

इस वारदात में मारे गए शातिर बदमाश का नाम महेश महादेव चंदनशिवे (31, निवासी घरकुल, चिखली, पुणे) के रूप में की गई है। उसकी हत्या के आरोप में अनिकेत समदूर (23, निवासी घरकुल, चिखली, पुणे), महेश तुकाराम माने (24), गणेश हनुमंत मोटे (24, दोनों निवासी सांगवी, पुणे) और आदित्य संभाजी मुरे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बहरहाल हत्या के बाद शुक्रवार को पुणे के ससून अस्पताल परिसर में चंदनशिवे के परिजन, रिश्तेदार और मित्र मंडल बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए शव लेने से मना कर दिए जाने से अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। चंदनशिवे की माँ अंबुबाई चंदनशिवे ने आरोप लगाया है कि इस मामले में जेल प्रशासन की पुलिस शामिल है। उन्हें इस मामले में सह आरोपी बनाने और सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जेल में हथियार आये कैसे, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि, महेश ने उन्हें हमेशा बताया था कि जेल में उसकी जान के लिए खतरा है और उसके साथ धोखा होने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महेश चंदनशिवे के खिलाफ 2022 में पिंपरी पुलिस स्टेशन में डकैती की तैयारी करने और अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया गया था। इस अपराध में वह पिछले एक साल से जेल में था। इस बीच, उपरोक्त चार संदिग्ध भी विभिन्न अपराधों के लिए जेल में कैद थे। पूर्व दुश्मनी के कारण, चार संदिग्धों ने महेश चंदनशिवे पर बाल काटने की कैंची और दरवाजे के कुंडे के टुकड़े से गर्दन और पेट के हिस्से पर वार करके जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण चंदनशिवे को जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे ससून हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में येरवडा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

मृतक और आरोपी शातिर बदमाश

मृतक महेश चंदनशिवे के खिलाफ 2013 से 2022 के बीच पिंपरी, चिखली और भोसारी पुलिस स्टेशनों में 12 मामले दर्ज थे। हत्या, हत्या का प्रयास, बर्बरता, घायल करना, खतरनाक हथियार, आग्नेयास्त्र रखना, डकैती की तैयारी, सेंधमारी, चोरी जैसे गंभीर अपराध दर्जहैं। डकैती की तैयारी और अवैध हथियार रखने के आरोप में पिंपरी पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में महेश चंदनशिवे 30 नवंबर, 2022 से येरवडा जेल में सर्कल नंबर दो, बैरक नंबर 1 में बंद था। मामला दर्ज किये गए चारों आरोपी शातिर बदमाश हैं। सांगवी के गणेश मोटे का एक आपराधिक गिरोह है। वह गिरोह का मुखिया है और महेश माने गिरोह का सदस्य है। ये दोनों सांगवी में योगेश जगताप हत्या मामले में संदिग्ध हैं। फरवरी 2022 में उनके खिलाफ 'मकोका' के तहत कार्रवाई की गई है। अनिकेत समदूर 2022 में पिंपरी पुलिस स्टेशन की सीमा में एक हत्या के मामले में एक साल से जेल में कैद है।

Created On :   29 Dec 2023 1:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story