Pune City News: नशे में कार चला रहे आईटी इंजीनियर की टक्कर से पब कर्मचारी की मौत

नशे में कार चला रहे आईटी इंजीनियर की टक्कर से पब कर्मचारी की मौत
कल्याणी नगर में हुआ दर्दनाक हादसा

भास्कर न्यूज, पुणे। कल्याणी नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक घटना हुई, जहां शराब के नशे में कार चला रहे आईटी इंजीनियर ने पब के बाहर खड़े कर्मचारी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मृत कर्मचारी की पहचान सत्येंद्र मंडल (30), मूल निवासी बिहार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने प्रतापसिंह कायंगड़े (49) निवासी धानोरी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कायंगड़े मूल रूप से नवी मुंबई का रहने वाला है और वर्तमान में धानोरी में रहता है। वह येरवड़ा स्थित आईटी कंपनी में कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में काम करता है।

पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार दोपहर कायंगड़े कल्याणी नगर के पब में आया था, जहां उसने शराब पी। करीब तीन बजे वह पब से बाहर निकला। उसकी कार ‘वैले पार्किंग’ में खड़ी थी। पब कर्मचारियों ने उसकी नशे की हालत देखकर उसे कार लेकर घर न जाने की सलाह दी और टैक्सी से जाने को कहा, लेकिन उसने बात नहीं मानी।

जब उसने पार्किंग से कार निकालने की कोशिश की, तो नशे की वजह से कार पर उसका नियंत्रण खो गया और पीछे खड़े कर्मचारी सत्येंद्र मंडल को जोरदार टक्कर लगी। गंभीर रूप से घायल मंडल को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी सोमय मुंडे और सहायक आयुक्त प्रांजली सोनवणे मौके पर पहुंचे। आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

Created On :   1 Dec 2025 5:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story