Rewa News: विकास के नाम पर लाखों का खेल, एक ही काम के लिए बार-बार निकल गए पैसे

विकास के नाम पर लाखों का खेल, एक ही काम के लिए बार-बार निकल गए पैसे
हैरानी की बात यह है कि आरोपों के मुताबिक एक बार फिर इसी सड़क के नाम पर राशि स्वीकृत कराई गई

डिजिटल डेस्क,रीवा। जिले की त्योंथर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सतपुरा उर्फ पड़िवार में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि के बंदरबांट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां शासन की योजनाएं और विकास कार्य जमीनी हकीकत में कम, बल्कि सरकारी कागजों में ज्यादा दिखाई दे रहे हैं। पंचायत में वर्षों से पदस्थ सचिव की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। सबसे बड़ा मामला सतपुरा से मटियार और ऊसर गांव की ओर जाने वाली सड़क का है।

बताया जा रहा है कि इस सड़क के रखरखाव और मरम्मत के नाम पर पिछले कई वर्षों से बार-बार लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन सड़क की हालत आज भी बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जहां से लोगों का गुजरना तक मुश्किल हो रहा है।

हैरानी की बात यह है कि आरोपों के मुताबिक एक बार फिर इसी सड़क के नाम पर राशि स्वीकृत कराई गई, लेकिन मौके पर केवल गिट्टी गिराए जाने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, 18 मई 2026 को नाली निर्माण के लिए 6 लाख 97 हजार रुपये और 10 मई 2026 को कल्वर्ट पुलिया निर्माण के लिए 2 लाख 28 हजार रुपये की स्वीकृत राशि को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

वहीं पंचायत के वर्ष 2025-26 के प्रारंभिक शेष में लगभग 27 लाख 93 हजार 770 रुपये की राशि दर्ज होने की जानकारी दी गई है। लोगों का सवाल है कि इस राशि से कौन-कौन से कार्य कराए गए और उनका वास्तविक हिसाब कहां है।

अधिकार विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र तिवारी ने पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सचिव लंबे समय से इसी ग्राम पंचायत में पदस्थ हैं और लगातार भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर पंचायत सचिव को तत्काल निलंबित करने की मांग की है।

Created On :  

Next Story