- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- शिक्षा विभाग में हुई कथित धांधली...
रीवा न्यूज: शिक्षा विभाग में हुई कथित धांधली एवं शुद्धिकरण के विरोध में सौंपा गया ज्ञापन

डिजिटल डेस्क रीवा ।
मूलनिवासी कर्मचारी कल्याण महासंघ प्रदेश एवं जिला इकाई रीवा के तत्वावधान में मैहर जिले के अमरपाटन विकासखंड अंतर्गत करही पीएमश्री विद्यालय के शुद्धिकरण की घृणित घटना और रीवा एवं मऊगंज जिले के शासकीय विद्यालयों में वरिष्ठता नियमों का उल्लंघन कर कनिष्ठों को प्रभार दिए जाने तथा दोहरे प्रभार के विरोध में कलेक्टर, कमिश्नर और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग रीवा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि मैहर जिले के अमरपाटन विकासखंड अंतर्गत करही पीएमश्री विद्यालय में घटित शुद्धिकरण की घटना संवैधानिक राष्ट्र के चेहरे पर बदनुमा कलंक है। महासंघ ने आरोपी प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध अनुसूचित जाति/ जन जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर दण्डित करने की मांग की गई है। इसके साथ-साथ रीवा एवं मऊगंज जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय विद्यालयों में मध्य प्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित प्रभार संबंधी नीतियों एवं स्पष्ट निर्देशों के विपरीत कार्यवाही की जा रही है।
विभागीय नियमों के अनुसार संस्था का प्रभार केवल वरिष्ठतम लोकसेवक को ही सौंपे जाने का स्पष्ट प्रावधान है तथा मध्य प्रदेश शासन द्वारा अस्थायी 'तैनाती व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त किया जा चुका है। इसके बावजूद एक ही लोकसेवक को दो या दो से अधिक संस्थाओं का प्रभार सौंपा जाना विभागीय नियमों एवं स्थापित प्रशासनिक व्यवस्था के सर्वथा प्रतिकूल है। फिर भी रीवा एवं मऊगंज जिले की कई संस्थाओं में नियमों की उपेक्षा कर प्रभार दिया गया है। इतना ही नहीं इसके अतिरिक्त अनेक विद्यालयों में वरिष्ठता को दरकिनार कर कनिष्ठ लोक सेवकों को नियम-विरुद्ध प्रभारी बनाया गया है । यह अनुचित प्रक्रिया निरंतर जारी है।
इस प्रकार की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से संपूर्ण जिले की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा विद्यालयों में पठन-पाठन का वातावरण पूरी तरह ठप हो गया है। इस अवसर पर संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Created On :   14 Oct 2026 6:00 PM IST











