Rewa news: व्याख्याता के विरुद्ध छात्रों ने खोला मोर्चा

व्याख्याता के विरुद्ध छात्रों ने खोला मोर्चा

डिजिटल न्यूज़ रीवा

शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल रीवा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने आयुक्त माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के नाम शिकायत पत्र में विद्यालय में कार्यरत एक व्याख्याता के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाए हैं तथा अपनी मागों को लेकर स्कूल के सामने प्रदर्शन भी किया। इनका आरोप है कि संबंधित व्याख्याता द्वारा निरंतर कई वर्षों से निजी व असंवैधानिक तरीके से कोचिंग का संचालन किया जा रहा है जबकि कोई भी शासकीय शिक्षक द्वारा प्राइवेट कोचिंग का संचालन करना पूरी तरह से गैरकानूनी है। शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 28 में यह प्रावधान भी किया गया है। मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के तहत किसी भी सरकारी सेवक को सरकारी सेवा में रहते हुये निजी लाभ के लिये कोचिंग चलाना इन सेवा शर्तों का सीधा उल्लंधन माना जाता है। यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त शिक्षक के द्वारा विद्यार्थियों की सम्बल राशि भी कई वर्षों से नहीं दी गयी।छात्रों द्वारा अपनी स्कालरशिप मांगे जाने पर कहा जाता है कि आपका पैसा कोचिंग की फीस में काट लिया गया है। उक्त शिक्षक के द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों पर जबरन दबाव बनाकर कोचिंग पढ़ने के लिये कहा जाता है और धमकी दी जाती है कि यदि कोचिंग नहीं पढ़ोगे तो फैल कर दिया जावेगा। कुछ दिन पूर्व शिक्षक ने परीक्षा के दौरान छात्रों से यह आवेदन दबाव बनाकर लिखवाया कि हम कोचिंग नहीं पढ़ाते हैं। व्याख्याता छात्रों ने बताया कि संबंधित शिक्षक कक्षा 12वीं एग्रीकल्चर के क्लास टीचर है। इसी क्लास के विद्यार्थियों के साथ कई वर्षों से ये आर्थिक व मानसिक शोषण करते आ रहे हैं। मांग की गई है कि है कि जो शिक्षक अनैतिक व नियम विरुद्ध कार्य में संलिप्त हैं उन्हें तत्काल निलंबित कर उच्चस्तरीय जांच करके सेवा मुक्त किया जाये।

Created On :   14 Oct 2026 4:42 PM IST

Tags

Next Story