Satna News: प्राइवेट कंपनी में कार्यरत युवक के घर में दोस्त ने की चोरी

प्राइवेट कंपनी में कार्यरत युवक के घर में दोस्त ने की चोरी
आरोपी गिरफ्तार, स्कूटर समेत 8 लाख की ज्वेलरी बरामद

डिजिटल डेस्क,सतना। जैतवारा कस्बे के एक घर से लाखों की चोरी का खुलासा कर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार करते हुए 8 लाख की ज्वेलरी और स्कूटर बरामद कर ली है। थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि प्राइवेट कंपनी में सेल्स एक्जिक्यूटिव के तौर पर कार्यरत सुमित केसरी के घर में 5 मार्च को पूजा-पाठ का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें परिजन, रिश्तेदार और कई परिचित भी शामिल थे।

दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर सुमित का कमरा है, जिसकी आलमारी के लॉक में दिक्कत के कारण अकसर चाबी लगी रहती थी। ऐसे में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति ने चाबी से आलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने पार कर दिए।

अगले दिन जब उनकी पत्नी रुसाली ने चूड़ी निकालने के लिए आलमारी खोली तो सारे गहने गायब थे। यह देखकर सकते में आई महिला ने पति को जानकारी देने के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई।

एक महीने तक चली जांच-पड़ताल

स्पेशल टीम ने पूजा में आए सभी मेहमानों की सूची बनाकर गोपनीय तरीके से उनकी गतिविधियों को खंगाला तो सुमित केसरी के करीबी मित्र अभिषेक गुप्ता पुत्र स्वर्गीय कैलाशचंद्र गुप्ता 36 वर्ष, निवासी वार्ड-9 जैतवारा, की भूमिका संदेह के दायरे में मिली, लिहाजा बीते दिन आरोपी को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो उसने चोरी का जुर्म कबूल करते हुए ज्वेलरी और स्कूटर बरामद करा दी।

Created On :   8 April 2026 2:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story