- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- ड्राइवर को नशीला प्रसाद खिलाकर ऑटो...
Satna News: ड्राइवर को नशीला प्रसाद खिलाकर ऑटो ले उड़ा जालसाज

डिजिटल डेस्क,सतना। सीधी से मुकुंदपुर स्थित मजार आने के बहाने ऑटो बुक करने वाला बदमाश ड्राइवर को नशीला प्रसाद खिलाकर वाहन बेसुध करने के बाद वाहन लेकर फरार हो गया। यह सनसनीखेज वारदात सामने आते ही ताला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमनाथ पुत्र रामेश्वर साहू 34 वर्ष, निवासी बरदैला, थाना रामपुर नैकिन, बीते काफी समय से ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
सोमवार की दोपहर को रामपुर नैकिन बाजार में एक व्यक्ति मिला, जिसने मुकुंदपुर स्थित मजार में दर्शन के लिए जाने की इच्छा जताते हुए उसका ऑटो बुक कर लिया। उसने नैकिन बाजार के एक मिष्ठान भंडार से ही प्रसाद के लिए लड्डूू भी खरीद लिए थे।
इसके बाद सोमनाथ उसे लेकर दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे मजार पहुंच गया, जहां दर्शन के पश्चात शातिर बदमाश ने प्रसाद में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर युवक को खिला दिया, जिससे कुछ देर में ही चालक को नींद आ गई। तब चालबाज आरोपी उसे सड़क किनारे छोडक़र ऑटो समेत गायब हो गया।
नशा उतरने पर हक्का-बक्का रह गया पीड़ित
उधर जब नशा उतरने पर देर रात में पीडि़त को होश आया तो वाहन और सवारी के नहीं मिलने पर सकते में आ गया। रात में ही किसी तरह मदद लेकर युवक अपने गांव लौट गया और फिर सुबह शिकायत करने रामपुर नैकिन थाने पहुंचा तो पुलिस ने घटनाक्रम मैहर जिले का बताते हुए ताला भेज दिया। ऐसे में ऑटो चालक दोपहर बाद ताला पुलिस के पास फरियाद लेकर आया, जिस पर प्राथमिक जांच कर अपराध कायम करते हुए आरोपी और गाड़ी की खोजबीन शुरू कर दी गई।
Created On :   8 April 2026 2:16 PM IST












