- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- शार्ट-सर्किट से भड़की आग में 7...
Satna News: शार्ट-सर्किट से भड़की आग में 7 किसानों की फसल खाक

डिजिटल डेस्क,सतना। नागौद थाना क्षेत्र के पिपरोखर गांव में विद्युत तारों में शार्ट-सर्किट से निकली चिंगारी के कारण लगी आग से कई एकड़ में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम को अचानक तेज हवाएं चलने लगीं।
इसी दौरान गांव के बाहर स्थित खेतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन विद्युत लाइन की तारों के आपस में टकराने से उठी चिंगारी नीचे लगी फसल में गिरी, जिससे पलक झपकते ही आग भड़क गई और हवा के साथ तेजी से बड़े इलाके में फैलने लगी।
यह बात पता चलते ही ग्रामीणों ने बचाव के प्रयास प्रारंभ करते हुए डायल 112 पर सूचना देकर मदद मांगी, तो पुलिस टीम कुछ देर में ही दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गई।
लगभग 12 एकड़ में तबाही
सामूहिक प्रयासों से लगभग दो घंटों के जद्दोजहद के बाद लपटों पर काबू तो पा लिया गया, मगर तब तक 12 एकड़ से अधिक इलाके में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक तौर पर आगजनी से किसान रामरतन मिश्रा, मनीष सिंह, संजय तिवारी, रामभान तिवारी, रामजी मिश्रा, कन्हैयालाल मिश्रा और रामसेवक वर्मन की मेहनत उनके आंखों के सामने की राख के ढेर में बदल गई। इस घटनाक्रम से पुलिस के साथ राजस्व अमले को भी अवगत करा दिया गया है।
Created On :   8 April 2026 2:06 PM IST












