Satna News: उचेहरा थाना क्षेत्र के बगिया से चंदन के 8 पेड़ काट ले गए चोर

उचेहरा थाना क्षेत्र के बगिया से चंदन के 8 पेड़ काट ले गए चोर
8 साल में तीसरी वारदात, मगर पुलिस के हाथ खाली

डिजिटल डेस्क,सतना। उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया कला गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक घर की बगिया में लगे चंदन के 5 पेड़ काटते हुए कीमती लकड़ी पार कर दी, इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने बताया कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. नीलेश पांडेय ने घर की बगिया में बेशकीमती चंदन के कई पेड़ लगा रखे हैं, कुछ पेड़ दशकों पुराने हैं।

बुधवार की रात को जब सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे, तभी दबे पांव बगिया में घुसे बदमाशों ने आरी से एक-एक कर 8 पेड़ काट लिए और कुछ बड़े टुकड़े उठाकर चंपत हो गए। माना जा रहा है कि बगिया से वाहन की दूरी अधिक होने और पकड़े जाने के डर से चोर पूरी लकड़ी नहीं ले जा पाए।

गुरुवार की सुबह उनकी मां फूला देवी पांडेय और बहन सुषमा पांडेय की नींद खुली तब चंदन चोरी की बात सामने आई, जिससे मां-बेटी सकते में आ गए। उन्होंने फोन पर बेटे को जानकारी देने के साथ डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस को भी वारदात से अवगत करा दिया। उक्त शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। काटे गए पेड़ों की उम्र 20 से 25 साल बताई जा रही है।

8 साल पहले भी हुई थी कीमती लकड़ी की चोरी

महिला के बेटे नरेन्द्र पांडेय ने बताया कि 8 साल पहले वर्ष 2018 में भी उनकी बगिया से चंदन के 7 पेड़ अज्ञात बदमाश काट ले गए थे, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन आज तक चोर नहीं पकड़े गए और न ही लकड़ी बरामद हुई।

वर्ष 2023 में भी चोरों ने पेड़ काटने का प्रयास किया था, मगर पालतू कुत्ते के भोंकने पर लकड़ी छोडक़र भाग गए थे। पीडि़त परिवार ने वारदात में किसी संगठित गिरोह के साथ किसी जानकार के शामिल होने का संदेह जताया गया है।

पहले काटी सीसीटीवी वायर, फिर चलाई आरी

शातिर चोर भलीभांति जानते थे कि डॉ. नीलेश पांडेय ने घर के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं, ऐसे में अपनी पहचान और करतूत छिपाने के लिए बदमाशों ने पहले कैमरों की वायर काट दी और फिर बड़े आराम से बेशकीमती चंदन के पेड़ों पर आरी चलाते हुए लकड़ी लेकर चंपत हो गए, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। सुबह जब बगिया की हालत देखी गई तो पूरे गांव में हडक़ंप मच गया।

Created On :   3 April 2026 1:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story