- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- नादन-देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत आग...
Satna News: नादन-देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत आग भड़कने से खेत में खड़ी फसल खाक

डिजिटल डेस्क,सतना। नादन-देहात थाना क्षेत्र के बेलदरा गांव में बुधवार दोपहर को अचानक आग भडक़ने से दो एकड़ खेत में लगी गेहूं की फसल खाक हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक किसान लोकनाथ सिंह के खेत में लगी फसल लगभग कटाई के लिए तैयार हो चुकी थी, मगर इसी बीच बुधवार को अज्ञात कारणों से खेत में आग भड़क गई।
यह जानकारी लगते ही किसान ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर बचाव के प्रयास शुरू करने के साथ फायर ब्रिगेड को सूचित किया, जिस पर नगर पालिका की दमकल टीम कुछ देर में ही मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गई, लेकिन तेज हवा के कारण टीम को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
एक घंटे तक जूझते रहे दमकलकर्मी
इसके बावजूद एक घंटे की जद्दोजहद से लपटों पर काबू पा लिया गया, पर तब तक दो एकड़ में लगी फसल नष्ट हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि समय रहते पता चल जाने से दूसरे किसानों को नुकसान नहीं हुआ।
पिछले कुछ दिनों में सतना और मैहर के अलग-अलग इलाकों से खेत, खलिहान और घरों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं हैं, जिनमें कुछ जगह शार्ट-सर्किट से चिंगारी उठने की बात पता चली, तो कुछ स्थानों पर कारण ही सामने नहीं आया।
Created On :   2 April 2026 1:39 PM IST












