Satna News: पैसों के लेनदेन के विवाद में पति ने नवविवाहित पत्नी से की मारपीट

पैसों के लेनदेन के विवाद में पति ने नवविवाहित पत्नी से की मारपीट
शिकायत पर रामनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डिजिटल डेस्क,सतना। नवविवाहित पत्नी को बाइक से उसके मायके छोड़ने जा रहे पति ने पैसों के लेनदेन के विवाद में चलती बाइक से गिराने के बाद गाली-गलौज कर पत्थर से गंभीर चोट पहुंचा दी, जिसकी शिकायत पर रामनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोनम यादव 19 वर्ष, निवासी गोविंदगढ़, जिला रीवा, बुधवार की सुबह पति धनराज यादव के साथ मोटरसाइकिल से अपने मायके अमझर आ रही थी, लेकिन रास्ते में ही दोनों के बीच बहस होने लगी, तब कंदहली मोड़ पर युवक ने झटके में बाइक रोक दी, जिससे महिला संतुलन खोकर नीचे गिर गई और सिर पर पत्थर लगने से जख्मी भी हो गई। इसके बाद भी पति ने गाली-गलौज कर मारपीट की, जिससे वह लहूलुहान हो गई।

राहगीरों ने किया बीच-बचाव

हल्ला-गुहार होने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद पीड़िता ने पिता को सूचित कर रामनगर बुलाया और थाने जाकर शिकायत की, जिस पर कायमी कर पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़िता के मुताबिक पिता ने कुछ समय पहले उसके पति को 6 बकरियां दीं थीं, जिनकी बिक्री से मिला पैसा वह लौटाने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर उनके बीच शुरू हुई बहस विवाद में बदल गई।

Created On :   2 April 2026 1:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story