- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- जवारे विसर्जित कर लौट रहे...
Satna News: जवारे विसर्जित कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला, 8 घायल, 2 की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क,सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के भरजुना में जवारे विसर्जित कर लौट रहे टिकुरिया टोला के देवी भक्तों के साथ साइडिंग में पूर्व सरपंच और उसके दर्जनभर गुंडों ने छेड़छाड़ व अड़ीबाजी करते हुए बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे महिलाओं, बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए।
इस घटना से आक्रोशित पीड़ितों ने देर रात थाने के सामने सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस ने अपराध तो दर्ज कर लिया, मगर एक भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टिकुरिया टोला क्षेत्र के एक दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्रि के समय बोए गए जवारे लेकर मोहल्ले के आधा सैकड़ा से अधिक लोग ऑटो, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार और जीप से 1 अप्रैल की शाम को भरजुना देवी मंदिर गए थे।
वापसी में किया हमला, वाहन भी तोड़े
विसर्जन कार्यक्रम के पश्चात जब सभी लोग रात करीब 10 बजे वापस आ रहे थे, तब साइडिंग शराब दुकान के पास पूर्व सरपंच समीर खान उर्फ शम्मी ने अलीम खान और 15-20 अन्य गुंडों ने रास्ता रोककर युवतियों एवं महिलाओं से अश्लील हरकत करते हुए शराब पीने के लिए पैसों की मांग की, मगर जब देवी भक्तों ने विरोध किया तो गुंडे गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गए।
सरहंगों ने लाठी-डंडों और पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, तो वहीं 8 लोग घायल हो गए। 2 पीड़ितों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
14 पर एफआईआर दर्ज
आरोपियों ने कुछ लोगों को बंधक बना लिया, तो वहीं अन्य पीड़ितों ने भागकर जान बचाई और डायल 112 में संपर्क किया तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई, जिनको देखकर हमलावर भाग निकले। सभी घायलों को रात में ही उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजकर उनके बयान पर समीर उर्फ शम्मी और अलीम समेत 10-12 अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 119(1), 296(ए), 115(2), 191(2), 324(4) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।
छेड़छाड़ की शिकायत पर दूसरे दिन कायमी
इस घटनाक्रम पर पीडि़त पक्ष ने समूह में शामिल नाबालिग लड़कियों, युवतियों और महिलाओं से विसर्जन के दौरान अश्लील हरकत किए जाने की शिकायत गुरुवार को पुलिस अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराई, जिस पर समीर और अलीम समेत दर्जनभर अन्य पर छेड़छाड़ एवं अन्य पर बीएनएस की धारा 74, 75(1), 296(ए), पॉक्सो एक्ट की धारा 7 व 8 और एससी-एसटी एक्ट के तहत कोलगवां थाने में दूसरी एफआईआर पंजीबद्ध की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर कुछ गुंडों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे अन्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
थाने के सामने धरने पर बैठे पीड़ित
इसी बीच पीडि़तों ने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए थाने के सामने धरना देकर यातायात ठप कर दिया, जिसकी सूचना मिलते ही एएसपी डीपी सिंह चौहान ने मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए आक्रोशित पीड़ितों को शांत कराकर रास्ते से हटाया, तब जाकर रात 2 बजे ट्रैफिक बहाल हो गया।
Created On :   3 April 2026 1:55 PM IST












