- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- कार की पिछली सीट पर अज्ञात युवक की...
Satna News: कार की पिछली सीट पर अज्ञात युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना अंतर्गत पतेरी में एक कार की पिछली सीट पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जिस पर मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि उत्तरी पतेरी निवासी जयनारायण पांडेय के पास एक पुरानी कार है, जिसका इस्तेमाल वह कभी-कभार ही करते हैं, ज्यादातर समय उनकी गाड़ी पड़ोस में ही कृष्ण रंजन पांडेय के खाली प्लाट पर खड़ी रहती है।
बीते एक महीने से उन्होंने कार का उपयोग नहीं किया था, इसी बीच गुरुवार की सुबह जब पड़ोसियों ने गाड़ी से बदबू आने की बात कही तो कारण जानने के लिए वह प्लाट पर पहुंचे, जहां पिछली सीट पर अज्ञात 35 वर्षीय युवक का कई दिन पुराना शव पड़ा मिला। यह देखकर सकते में आए जयनारायण ने तुरंत थाने में सूचित किया तो पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पहचान के प्रयास नाकाम
लाश दो से तीन सप्ताह पुरानी बताई जा रही है, जिसे कब्जे में लेते हुए मरचुरी भेज दिया गया है, तो वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, पर किसी ने भी मृतक को नहीं पहचाना। ऐसे में उसकी शिनाख्त के लिए अन्य माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उधर मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं है, तो यह भी रहस्य बना हुआ है कि युवक बंद कार के अंदर कब और कैसे घुस गया। इन सवालों का जवाब ढूंढना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
Created On :   3 April 2026 1:35 PM IST












