- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- देश भक्ति की भावना के प्रखर पुंज...
Satna News: देश भक्ति की भावना के प्रखर पुंज हैं बिरसा मुंडा

Satna News: राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा देश भक्ति की भावना के प्रखर पुंज हैं। मझगवां ब्लाक के बांका में मंगलवार को जनजातीय विकास सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनजाति कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। राज्यपाल ने बताया कि जन मन के तहत केंद्र ने 24 हजार करोड़ का प्रावधान किया है। विकास कार्यों के लिए योजना से 9 विभाग जोड़े गए हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष के देशव्यापी अभियान के लिए 80 हजार करोड़ का प्रावधान है। सिकल सेल एनिमिया के उपचार के लिए प्रदेश में अब तक एक करोड़ डिजिटल कार्ड बनाए गए हैं।
ऋग्वेद में भी चित्रण
केंद्रीय जनजातीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती उत्सव के रुप में मनाई जा रही है। वह भारत के स्वाभिमान, गौरव सांस्कृतिक एकता एवं स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। जनजाति समाज का चित्रण प्राचीन ग्रंथ ऋग्वेद में भी मिलता है। वनवासी श्रीराम ने धर्म की स्थापना के लिए जनजाति की मदद ली थी। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि धर्म बदलने से नहीं शिक्षा ग्रहण करने से जीवन और समाज बदलता है।
उन्होंने कहा कि एकलव्य आवासीय विद्यालय गुरु और शिष्य की आदर्श परंपरा का अनुसरण कर रहे हैं। कार्यक्रम को विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, डीआरआई के संगठन सचिव अभय महाजन ने भी संबोधित किया। विधायक विक्रम सिंह, जिपं अध्यक्ष रामखेलावन कोल, उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह, डीआरआई के अध्यक्ष पुरणेंद सक्सेना, बिरसा मुंडा समिति की अध्यक्ष सोना बाई एवं संत मदनदास भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
Created On :   19 Nov 2025 1:17 PM IST












