- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 3 करोड़ के राशन घोटाले में 12...
Satna News: 3 करोड़ के राशन घोटाले में 12 दुकानों के प्रबंधक, सेल्समैन और सहायक पर एफआईआर दर्ज

Satna News: जिले के उचेहरा तहसील अंतर्गत एक दर्जन शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में 3 करोड़ से अधिक का राशन घोटाला सामने आने के बाद विभागीय जांच के बाद 12 दुकान प्रबंधकों, विक्रेताओं और सहायक विक्रेताओं के खिलाफ नागौद व उचेहरा थाने में रविवार को एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उचेहरा तहसील के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच 26 राशन दुकानों में खाद्यान्न वितरण नहीं किए जाने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई थी, जिस पर एसडीएम उचेहरा सोमेश द्विवेदी के द्वारा त्वरित जांच कराई गई, जिसमें बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई तो रिकार्ड और स्टॉक के सत्यापन में बड़ा अंतर मिला। 26 दुकानों से 4897 क्विंटल गेहूं, 4132 क्विंटल चावल, 44 क्विंटल नमक और 28 क्विंटल शक्कर गायब मिली, जिसकी कुल कीमत 3 करोड़ 1 लाख 68 हजार 884 रुपए निकाली गई। ऐसे में उचेहरा एसडीएम ने 22 फरवरी को सभी संबंधित दुकान प्रबंधकों और विक्रेताओं को शोकाज नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा, मगर किसी ने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया, ऐसे में वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इन पर कसा शिकंजा
शासकीय उचित मूल्य की दुकान पोंडी में 27.51 लाख के राशन गबन के मामले में विक्रेता रविकरण सिंह, प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह गोंड पर एफआईआर दर्ज की गई। इसी प्रकार से पिथौराबाद में 13.72 लाख के राशन गबन में विक्रेता शुभम वर्मन, प्रबंधक अजय सिंह पटेल, अटरा के विक्रेता अजय सिंह, अटरा में 13.58 लाख के राशन गबन में सहायक विक्रेता रविकरण सिंह और सहायक विक्रेता शुभम वर्मन और प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह गोंड पर, नंदहा के विक्रेता रविकरण सिंह, सहायक विक्रेता लवकेश सिंह और प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, आलमपुर में 21.12 लाख के राशन गबन के मामले में दुकान के विक्रेता दरोगा सिंह, सहायक विक्रेता रामानुज यादव और प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, परसमनिया 20.95 लाख के राशन गबन के मामले में विक्रेता उदयराज सिंह, सहायक विक्रेता रज्जन चौधरी और प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, पटिहट में 20.75 लाख के राशन गबन के मामले में प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, सज्जन चौधरी, सहायक विक्रेता गुलाब सिंह, रामपुर पाठा में 15.23 लाख के राशन गबन के मामले में प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, सहायक विक्रेता दिलीप सिंह, गढौत में 19.84 लाख के राशन गबन के मामले में सहायक विक्रेता दिलीप सिंह, प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, विक्रेता सज्जन चौधरी, तुषगवां में 21.38 लाख के राशन गबन के मामले में विक्रेता रामानुज यादव, प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह और सहायक विक्रेता दरोगा सिंह, पिपरिया में 19.99 लाख के राशन गबन के मामले में सहायक विक्रेता दरोगा सिंह, प्रबंधक सुरेन्द्र सिंह, विक्रेता रामानुज यादव और धनेह में 12.88 लाख रुपए के राशन गबन के मामले में विक्रेता रावेन्द्र सिंह, सहायक विक्रेता लवकेश प्रताप सिंह और प्रबंधक अजय सिंह पटेल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1995 की धारा 3 और 7 के तहत प्रकरण कायम किया गया है।
Created On :   9 March 2026 6:07 PM IST














