Seoni News: गेहूं रिजेक्ट करने से भड़के किसान, 8 घंटे हाईवे रहा जाम

गेहूं रिजेक्ट करने से भड़के किसान, 8 घंटे हाईवे रहा जाम
सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग पर जाम लगने से घंटों बाधित रहा यातायात, बसें, ट्रक सहित अन्य वाहन फंसे रहे, परेशान हुए लोग

डिजिटल डेस्क,सिवनी। समर्थन मूल्य पर हो रही गेहूं खरीदी में मनमानी के आरोप लगाते हुए किसानों ने सोमवार को सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग (नेशनल हाइवे क्रमांक-347) पर कोतलबोड़ी चौक में जाम लगा दिया। दोपहर एक बजे से शुरु हुआ किसानों का प्रदर्शन रात लगभग 8 बजे तक चलता रहा। काफी समझाइश के बाद किसान माने।

जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। स्थिति यह रही कि कई वाहन फंस गए थे। बसों के यात्रियों को परेशान होना पड़ा। कई यात्रियों ने तो अपने परिचितों को मौके पर बुलाकर वापस हो गए या फिर दूसरे रास्ते से होकर निकले। जाम की समस्या दूर करने आसपास के थानों से बल बुलाया गया।

ये है मामला

मोहगांव में चांवड़ी और चक्की खमरिया सहकारी समिति के द्वारा गेहूं की खरीदी की जा रही है। किसानों का आरोप है कि वे गेहूं ला रहे हैं और ढेर बनाकर रख रहे हैं, लेकिन सर्वेयर गेहूं को रिजेक्ट कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने साफ और क्वालिटी वाला गेहूं लाया है बावजूद इसके उसे रिजेक्ट किया जा रहा है। मौसम खराब हो रहा है और गेहूं के ढेर खुले में रखे हुए हैं। बारिश होने पर गेहूं खराब हो जाएगी।

समझाते रहे अफसर

किसानों का आक्रोश इतना था कि वे अधिकारियों की सुनने भी तैयार नहीं थे। यहां तक कि पुलिस व अधिकारियों ने उन्हें जाम खोलने की बात कही तो किसान और आक्रोशित हो गए। सड़क पर बैठकर वे प्रदर्शन कर नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते आसपास के किसान भी बड़ी संख्या में पहुंच गए। किसानों के जाम की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता राजा बघेल व अन्य भी पहुंच गए थे और प्रदर्शन में शामिल हुए।

1381 सौ से खरीदी

जिले में 15 अप्रैल से शुरु हुई खरीदी में अब तक 78 केंद्रों में 1381 किसानों से 5203.35 एमटी गेहूं की खरीदी हो चुकी है। ज्ञात हो 54096 किसानों ने पंजीयन कराया है। अभी तक 15048 किसानों ने अपने स्लॉट बुक कराए हैं। कहीं-कहीं बारदाने की समस्या बनी हुई है।

जाम के कारण यात्रियों को हुई परेशानी

किसानों के सडक़ पर जाम लगाने के कारण बड़ी परेशानी बन गई। लंबा जाम लगने से कई वाहन फंस गए थे। यहां तक कि बस के यात्रियों को समझ नहीं आ रहा था कि बाहर क्या चल रहा है। बस में ही बच्चे और महिलाएं परेशान होते रहे। यहां तक कि इमरजेंसी वाले वाहन भी नहीं जा पाए। सबसे ज्यादा परेशान यात्रियों को होना पड़ा।

Created On :   21 April 2026 4:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story