- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- शहडोल में 20 हेक्टेयर वनभूमि से...
Shahdol News: शहडोल में 20 हेक्टेयर वनभूमि से अतिक्रमण हटाया, 14 मड़िया-झाला हटाकर कब्जे की कोशिश नाकाम

Shahdol News: जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। अभियान के दौरान 14 निर्मित मड़िया और झाला हटाए गए तथा वनभूमि पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश को विफल कर दिया गया।
वन विभाग के अनुसार कार्रवाई केशवाही वन परिक्षेत्र की खमरिया बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-950 में की गई। विभाग को वनभूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और नियमानुसार बेदखली अभियान चलाया।
कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दिया गया। विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक नियमों के तहत संपन्न हुई।
वन विभाग का उद्देश्य संरक्षित वनक्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विभाग का मानना है कि वनभूमि पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण से जैव विविधता और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी अतिक्रमण की सूचना मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है।
केशवाही वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि हटाए गए क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। आगामी दो से तीन दिनों के भीतर संबंधित वनक्षेत्र में अतिक्रमणरोधी कंटूर ट्रेंच खोदी जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में बीज बुवाई का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि वनभूमि का संरक्षण हो सके और भविष्य में दोबारा कब्जे की संभावना कम हो।
यह भी पढ़े -मध्यप्रदेश में देर रात 9 IPS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, प्रियंका शुक्ला बनी शाजापुर की SP, संजय कुमार शहडोल में हुए पदस्थ, देखें पूरी लिस्ट
केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि खमरिया बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-950 में लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि वनभूमि की सुरक्षा के लिए आगे भी नियमित निगरानी जारी रहेगी और दोबारा अतिक्रमण की कोशिश होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   4 July 2026 5:32 PM IST













