Shahdol News: बेटी के हत्या के मामले में जेल से निकले युवक की घर पर करंट लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

बेटी के हत्या के मामले में जेल से निकले युवक की घर पर करंट लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक चार साल पहले अपनी पांच वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में जेल से छूट कर घर लौटा था।

Shahdol News: जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक चार साल पहले अपनी पांच वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में जेल से छूट कर घर लौटा था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, कुबरा गांव निवासी 40 वर्षीय मनोज कुमार सोनी घर की बिजली लाइन ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, करीब चार वर्ष पहले मनोज कुमार सोनी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने लोहे की रॉड से पत्नी पर हमला किया। इसी बीच उनकी पांच वर्षीय बेटी बीच-बचाव करने पहुंच गई और रॉड उसके सिर पर लग गई। गंभीर चोट लगने से मासूम की मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।

मनोज कुमार सोनी करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से छूट कर अपने घर आया था। घर लौटने के बाद वह सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बिजली की मरम्मत करते समय हुए हादसे में उसकी जान चली गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से हुई आकस्मिक मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है, क्योंकि चार साल पहले हुई बेटी की हत्या का मामला भी क्षेत्र में काफी चर्चित रहा था।

Created On :   4 July 2026 5:19 PM IST

Tags

Next Story