- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- शहडोल में वाशिंग पिट का लगभग 33 साल...
Shahdol News: शहडोल में वाशिंग पिट का लगभग 33 साल पहले प्रस्ताव

- एसईसीआर की उपेक्षा के कारण अब तक नहीं हुआ निर्माण, नुकसान यह कि शहडोल से नहीं बन पा रहीं ट्रेनें
- शहडोल से मुंबई ट्रेन चलाने के लिए वाशिंग पिट का निर्माण जरूरी है।
Shahdol News: शहडोल रेलवे स्टेशन में वाशिंग पिट निर्माण का प्रस्ताव लगभग 33 साल पहले आया था। तब दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का भी गठन शायद नहीं हुआ था। शहडोल शहर में रेलवे मामलों के जानकार दीपक गौतम ने बताया कि उस समय दलबीर केंद्रीय राज्य मंत्री थे। तब तिरुवनंतपुरम के लिए ट्रेन चलाने की बात हुई तो प्रस्ताव था कि शहडोल में वाशिंग पिट का निर्माण कर यहां से ट्रेन चलाई जाए।
बाद में ट्रेन बिलासपुर से फिर कोरबा से चलाने का निर्णय लिया गया। मध्यप्रदेश का प्रमुख संभाग मुख्यालय होने के बाद भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) द्वारा शहडोल रेलवे स्टेशन में जरूरी सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसमें वाशिंग पिट का निर्माण प्रमुख है। वाशिंग पिट नहीं होने का सबसे बड़ा नुकसान यह हो रहा है कि यहां से ट्रेने बनाकर चलाने में परेशानी होती है।
शहडोल-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग
कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहे आदिवासी बहुल संभाग मुख्यालय के लोगों को सीधा लाभ
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के शहडोल से मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग कर रहे हैं। यह दूरी 19 घंटे 40 मिनट में पूरी होगी और इसका सीधा लाभ जनजातीय क्षेत्र के आम नागरिकों को मिलेगा। सीधी ट्रेन शहडोल, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल होते हुए मुंबई तक चलाई जाए।
ट्रेन की टाइमिंग भी ऐसी हो कि शहडोल से ट्रेन दोपहर बारह बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह मुंबई पहुंचे और वहां से देरशाम 10 बजे रवाना होकर अगले दिन देरशाम शहडोल की दूरी तय हो।
प्रमुख मांगें
- शहडोल से डिंडौरी होते मंडला तक और जयसिंहनगर होते हुए ब्यौहारी तक नई रेल लाईन बिछाई जाए।
- भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस का इतवारी-नागपुर तक विस्तार किया जाए।
शहडोल की उपेक्षा से आमजन परेशान
शहडोल से मुंबई ट्रेन चलाने के लिए वाशिंग पिट का निर्माण जरूरी है। दुख होता है कि तीन दशक पहले से तैयार प्रस्ताव पर एसईसीआर ने अब तक काम नहीं किया। एसईसीआर के अधिकारियों ने शहडोल के साथ उस समय भी छलावा किया और अब भी कर रहे हैं।
- दीपक गौतम समाजसेवी
पता चला है कि बिलासपुर से अमृत भारत एक्सप्रेस मुंबई तक व्हाया दुर्ग, रायपुर, नागपुर की ओर चलाने की तैयारी है। हमारी मांग है कि बिलासपुर के बजाय इस ट्रेन को शहडोल से वाया कटनी, जबलपुर मुंबई तक चलाई जाए। इसका सीधा लाभ अंचल के रहवासियों को मिलेगा, यहां से फिलहाल मुंबई के लिए एक भी ट्रेन नहीं है।
- अभिषेक चौकसे नागरिक
हमे मालूम हुआ कि शहडोल रेलवे स्टेशन में एफओबी के नक्शे पर खुदाई प्रारंभ हो गई है। अगर शहडोल के नागरिकों को रैंप जैसी छोटी सुविधा के लिए आंदोलन करना पड़ा रहा है तो यह बात सही नहीं है। रैंप निर्माण के साथ ही शहडोल से मुंबई तक सीधी ट्रेन की सुविधा जरूर उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।
- राजेश्वर उदानिया नागरिक
Created On :   26 Jun 2025 3:37 PM IST