Shahdol News: 3 करोड़ की मॉडल रोड में तकनीकी खामी पुलिया के जोड़ पर गड्ढा, हादसे का खतरा

3 करोड़ की मॉडल रोड में तकनीकी खामी पुलिया के जोड़ पर गड्ढा, हादसे का खतरा
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से अधिकारियों का भी नियमित आना-जाना रहता है

डिजिटल डेस्क,शहडोल। नगर पालिका की लापरवाही के चलते लल्लू सिंह चौक से न्यू बस स्टैंड तक करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से बनी मॉडल रोड लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बनती जा रही है। सडक़ पर न फुटपाथ बनाए गए, न डिवाइडर के बीच पौधे लगाए गए।

अब पुलिया और डामर सड़क के जोड़ पर बना गड्ढा हादसों को न्योता दे रहा है।गौरतलब है कि ऊपरी इलाके में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए मॉडल रोड को काटकर नई पुलिया बनाई गई। पुलिया की ढलाई सीमेंट से कर दी गई, लेकिन उसे डामर सड़क से जोड़ने का काम ठीक से नहीं किया गया।

नतीजा यह कि जोड़ वाली जगह पर कटाव के कारण करीब छह फीट लंबाई का 6-7 इंच गहरा गड्ढा बन गया है। इससे छोटे वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है, बड़े वाहन भी हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। ऐसी स्थिति सडक़ के दोनों है। इधर, सीमेंट का मलबा बना खतरा दूसरी ओर मॉडल रोड के किनारे बड़े बोल्डर और सीमेंट का मलबा डालकर छोड़ दिया गया है।

ये कभी भी हादसे की वजह बन सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से अधिकारियों का भी नियमित आना-जाना रहता है, लेकिन सड़क की इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। मांग की जा रही है कि नगर पालिका पुलिया और सड़क के जोड़ की मरम्मत कराए तथा किनारे पड़े मलबे को हटवाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या दूर हो सके।

Created On :   15 Oct 2026 6:54 PM IST

Tags

Next Story