फर्जीवाड़ा: थाईलैंड ट्रिप के नाम पर 14 लाेगों से 10 लाख की धोखाधड़ी, थाने में मामला दर्ज

थाईलैंड ट्रिप के नाम पर 14 लाेगों से 10 लाख की धोखाधड़ी, थाने में मामला दर्ज
  • 10 लाख 22 हजार 700 रुपए धोखाधड़ी
  • आरोपी ने वॉट्सएप ग्रुप पर टूर व खर्च की पूरी जानकारी दी

डिजिटल डेस्क, वर्धा. थाईलैंड ट्रिप के नाम पर 14 लोगों से प्रति 67 हजार 800 समेत कुल 10 लाख 22 हजार 700 रुपए धोखाधड़ी कर ली गई। मामला शहर थाना अंतर्गत महादेवपुरा परिसर में सामने आया। इस प्रकरण में करीब 13 महीने के बाद न्यू इंग्लिश परिसर निवासी ममता मनोज देशमुख (48) की शिकायत पर शहर पुलिस ने ठाणे निवासी आशीष ठवले के खिलाफ भादंवि की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया। जानकारी के अनुसार ममता देशमुख को 10 अक्टूबर 2022 को जानकारी मिली कि उनके पड़ोसी रेखा अडसुले व उनकी जेठानी 6 जनवरी 2023 को थाइलैंड ट्रिप पर जानेवाले हैं।

इस पर उन्होंने भी ट्रिप पर जाने की इच्छा व्यक्त की। इसके बाद उनके द्वारा बताए गए ठाणे निवासी आशीष ठवले से ममता ने फोन पर संपर्क किया। आरोपी ने वॉट्सएप ग्रुप पर टूर व खर्च की पूरी जानकारी दी। इसमें छह दिन रहना, खाना, घूमना आदि खर्च 67 हजार 800 रुपए बताया। फरियादी इस पर राजी हो गई और उन्होंने आशीष ढवले को फोन पे से 15 अक्टूबर 2022 को 25 हजार, 4 नवंबर 2022 को 20 हजार 800 रुपए तथा 8 दिसंबर 2022 को 20 हजार भेजे।

इसी के साथ 1 जनवरी 2023 को करंसी बदलने के लिए फोन पे से 15 हजार 300 रुपए भी इंगोले चौक के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से ट्रांसफर किए। साथ ही ग्रुप में कृष्णा हाड़के, मामला हाड़के, अनिता झाड़े, अनुश्री झाड़े, रमेश हिवसे, वर्षा हिवसे, नीलिमा खंडार, वैशाली अडसुल, रेखा अडसुल, अंजलि शेरजे, वंदना देशमुख, प्रिया कांबले, अभिषेक कांबले से भी 67 हजार 800 रुपए व अतिरिक्त खर्च राशि पकड़कर कुल 10 लाख 22 हजार 700 रुपए लिए। इन सभी को फर्जी हवाई जहाज का होल्ड टिकट दिया गया। तय तारीख को यानी 6 जनवरी 2024 को सभी लोग मुंबई गए। तब आरोपी आशीष ठवले वहां आया ही नहीं। उसके घर का पता खोजने पर भी वह नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद था। इससे धोखाधड़ी की बात ध्यान में आई। करीब 13 माह तक सभी 14 लोग पैसे वापस लाने की कोशिश कर रहे लेकिन उन्हें असफलता मिली। जिससे 19 फरवरी को शहर थाना में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने ममता देशमुख की शिकायत पर आशीष ठवले के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया। आगे की जांच जारी है।


Created On :   21 Feb 2024 2:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story