वर्धा: अखंड सूत यज्ञ में 35 हजार मीटर सूत की कताई, सर्वधर्म शांति संदेश पदयात्रा निकाली

अखंड सूत यज्ञ में 35 हजार मीटर सूत की कताई, सर्वधर्म शांति संदेश पदयात्रा निकाली
  • निकली सर्वधर्म शांति संदेश पदयात्रा
  • गांधीजी को समझने की जरूरत: बोथरा
  • जनजन के प्रीय गांधी

डिजिटल डेस्क, वर्धा. देश की आजादी का केंद्रबिंदु रहे वर्धा स्थित सेवाग्राम आश्रम में महात्मा गांधी ने स्वावलंबन का पाठ पढ़ाते हुए सूत कताई शुरू की थी। वर्षों से चल रहा सूत कताई का यह सिलसिला आज भी कायम है। मंगलवार को महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर 35 हजार मीटर सूत कताई कर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सेवाग्राम आश्रम महात्मा गांधी के विचारों पर चलता है। यहां नियमित रूप से सूत कताई होती है। लेकिन विशेष आयोजन जैसे 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तथा 30 जनवरी को उनके शहादत दिवस पर अखंड सूत यज्ञ चलाया जाता है।

मंगलवार को बापू के शहादत दिवस पर आयोजित अखंड सूत यज्ञ में दिनभर सूत कताई हुई। जिसमें आश्रम अनुयायी, गांधीवादी सहित विद्यार्थी व बापू को श्रद्धांजलि देने आए लोगों ने भी सूत कताई में अपना सहयोग दिया। सुबह 6 बजे बापू कुटी के सामने बरामदे में शुरू हुई सूत कताई शाम 5 बजे तक चली। इसमें लगभग 35 हजार मीटर सूत कताई की गई।

निकली सर्वधर्म शांति संदेश पदयात्रा

महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर 30 जनवरी को सर्वधर्म समभाव शांति संदेश पदयात्रा निकाली गई। गांधी प्रतिमा से सेवाग्राम आश्रम तक निकली पदयात्रा में करीब 300 नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस यात्रा में डा. अभ्युदय मेघे, एमगिरी के तपस रंजन, चंदन पाल, शेख हुसैन, डा. सिद्धार्थ बुटले, नीरज गुजर, रवींद्र कडू, प्रवीण पेठे, प्रशांत नागोसे, प्रशांत गुजर, प्रफुल कुकड़े, फादर थॉमस, मिलिंद सवाई, चंद्रशेखर ढगे, रमेश झाड़े, अर्चित निघडे, मंगेश भोसले, ज्योति पासवान, राजीव वानखेड़े, जिला सर्वोदय मंडल के मंत्री कन्हैया छांगाणी उपस्थित थे। इस दौरान एमगिरी की ओर से विज्ञापन प्रदर्शनी लगाई गई। इस पदयात्रा के जरिये राष्ट्रीय एकता का संदेश देकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

गांधीजी को समझने की जरूरत: बोथरा

सेवाग्राम आश्रम की अध्यक्ष आशा बोथरा ने कहा कि गांधीजी को समझने और समझाने की जरूरत है। गांधी जी शहीद हुए लेकिन कभी झुके नहीं। आज भी गांधी हमारे साथ हैं। सर्वसेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने कहा कि गांधीजी ने परम जनता के लिए काम किया। देश की वर्तमान स्थिति गंभीर है। प्रस्तावना सेवाग्राम आश्रम प्रतिष्ठान के मंत्री विजय तांबे ने रखी। संचालन रूपाली उगले ने किया। इस अवसर पर सेवाग्राम आश्रम प्रतिष्ठान की अध्यक्ष आशा बोथरा, संगीता चव्हाण, सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल, जयश्री, गंगूबाई सुरपन, नई तालीम और जिला सर्वोदय मंडल के कार्यकर्ता व शहर के नागरिक मौजूद थे।

Created On :   31 Jan 2024 9:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story