वर्धा: शरद पवार को घर बिठाने के लिए भाजपा ने दी सुपारी

शरद पवार को घर बिठाने के लिए भाजपा ने दी सुपारी
  • पत्र परिषद में पूर्व गृहमंत्री देशमुख का आरोप
  • नागपुर के शीतसत्र की अवधि एक माह करेें
  • वर्धा में तीन दिन रहेगी संघर्ष यात्रा

डिजिटल डेस्क, वर्धा. भारतीय जनता पार्टी ने शरद पवार साहब को घर बिठाने के लिए सुपारी दी है। लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी किसकी है, यह सभी को पता है। पार्टी हमारी, चिह्न हमारा है, परंतु हमारे साथियों पर भाजपा द्वारा दबाव डाला जा रहा है। चुनाव आयोग पर दबाव होगा तो परिणाम पता हैं। लेकिन कानून और नियमों का पालन कर चुनाव आयोग निर्णय लेता है तो पार्टी और चिह्न हमारा ही होगा। ऐसा पूर्व गृहमंत्री तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अनिल देशमुख ने कहा। वे गुरुवार, 30 नवंबर को युवा संघर्ष यात्रा की जानकारी देने आयोजित पत्र परिषद में बोल रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि, भाजपा मात्र तोड़फोड़ की राजनीति कर रही है। किसान, जनता के प्रश्नों की ओर ध्यान नहीं है। दूसरी ओर राज्य की सरकार भी सोयी हुई है। इसी सरकार को नींद से जगाने के लिए राकांपा की ओर से संघर्ष यात्रा निकाली गई है। राज्य सरकार खुद दंगे करा रही है। बीड, सराटी में राज्य सरकार ने ही दंगे कराए है। समस्याओं की तरफ से जनता का ध्यान भटकाने के लिए दंगे भड़काए जा रहे है। आगामी 7 दिसंबर से नागपुर मंे शीत सत्र है। लेकिन राज्य में बहुतसी समस्याएं होने के बावजूद मात्र दस दिन का सत्र लिया जा रहा है। जिसका हम निषेध करते हैं। कम से कम एक माह का अधिवेशन लेने की मांग की जा रही है। फिलहाल बेमौसम बारिश से किसानों का काफी नुकसान हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री दूसरे राज्य में प्रचार में व्यस्त है। हमारी मांग है कि तुरंत नुकसान का पंचनामा कर किसानों को बगैर शर्त मुआवजा मिलना चाहिए। राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस की ओर से 24 अक्टूबर को रोहित पवार के नेतृत्व में पुणे से निकली संघर्ष यात्रा का 12 दिसंबर को नागपुर के जीरो माईल में शरद पवार की उपस्थिति में समापन हो रहा है।

12 नवम्बर को शरद पवार का जन्मदिन भी है। उस दिन जन्मदिन मनाने के साथ राज्य सरकार को समस्याओं का ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। देशमुख ने आगे कहा कि ठेका नौकरभर्ती रद्द करना, ढाई लाख रिक्त पदों की भर्ती करना, हजारों रुपए जो परीक्षा शुल्क लिया जा रहा है उसे बंद कर साल में एक ही बार परीक्षा शुल्क लेना, पेपर लीक के खिलाफ कड़ा कानून बनाना सहित युवाओं की मांगों को लेकर यह संघर्ष यात्रा निकाले जाने की जानकारी दी। पत्रकार परिषद में पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख, राकांपा नेता तथा पूर्व विधायक प्रा सुरेश देशमुख, पूर्व विधायक राजू तिमांडे, राकांपा जिलाध्यक्ष सुनील राउत, युवा नेता समीर देशमुख, एड सुधीर कोठारी, रविकांत वलपे, डा योगदंड उपस्थित थे।

वर्धा में तीन दिन रहेगी संघर्ष यात्रा

पुणे से निकली संघर्ष यात्रा वर्धा के पुलगांव में 6 दिसंबर को पहुंचेगी। जहां से 7 दिसंबर को वायफड, शांति नगर, सिंदी मार्ग होते हुए वर्धा पहुंचेगी। 8 को सेवाग्राम आश्रम से सेलू, घोराड होकर नागपुर के लिए रवाना होगी। युवाओं के अधिकार व हक के लिए यात्रा निकाले जाने की जानकारी रविकांत वलपे ने दी।

Created On :   1 Dec 2023 1:03 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story